सर्दी बरपा रही कहर, ठिठुरते दिखे लोग
Updated at : 03 Jan 2018 12:49 AM (IST)
विज्ञापन

परेशानी. नगर पर्षद की ओर से निर्धारित समय पर नहीं जलाये जाते अलाव नप के अनुसार दोपहर दो बजे से ही अलाव जलाने का है निर्देश कड़ाके की सर्दी ने आम जनजीवन को किया प्रभावित अधिकतम तापमान 21 व न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया हाजीपुर : कड़ाके की सर्दी ने कहर बरपाना शुरू […]
विज्ञापन
परेशानी. नगर पर्षद की ओर से निर्धारित समय पर नहीं जलाये जाते अलाव
नप के अनुसार दोपहर दो बजे से ही अलाव जलाने का है निर्देश
कड़ाके की सर्दी ने आम जनजीवन को किया प्रभावित
अधिकतम तापमान 21 व न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया
हाजीपुर : कड़ाके की सर्दी ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है. नगर क्षेत्र के अलावा जिले की विभिन्न सड़कों पर परिचालित वाहनों की संख्या में भी हाल के तीन चार दिनों से कमी देखी जा रही है. सुबह करीब 10 बजे तक घने कोहरे छाया रहता है. इस दौरान एनएच सहित अन्य सड़कों पर वाहन चलाने वाले चालकों को भी काफी परेशानियों से गुजरना पड़ रहा है. हालांकि नगर के विभिन्न वार्ड क्षेत्रों में सभी सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाने का निर्देश काफी पहले कर्मियों को नगर परिषद प्रशासन ने दे रखा है.
हालांकि नगर परिषद की ओर से मिले निर्देशों के पालन में आंशिक कोताही बरते जाने की बात भी मंगलवार को सामने आयी. मंगलवार को करीब चार बजे नगर के अनवरपुर चौक पर नप कर्मियों को अलाव वाहन के साथ देखा गया. थोड़ी देर बाद कर्मियों ने उक्त चौक पर अलाव जलाना शुरु किया था. जबकि सुबह से ही कड़ाके की सर्दी को देखते हुए सभी सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाने का निर्देश है. जिले के स्कूलों में संचालित पठन-पाठन व्यवस्था में भी जिलाधिकारी रचना पाटील के आदेशानुसार बदलाव किया गया है. अब छह जनवरी तक एक से पांच कक्षा तक के बच्चों का पठन-पाठन बंद रखने का आदेश जिलाधिकारी ने दिया है. इसके अलावा भी अन्य बदलाव निर्धारित नियमों में किये गये हैं.
नगर क्षेत्र में कहीं-कहीं लोगों को टायर जलाकर अलाव की गर्मी लेते देखा गया.
लाइट जलाने पर भी वाहन चालकों को हो रही परेशानी
पटना-हाजीपुर मुख्य मार्ग पर अवस्थित महात्मा गांधी सेतु के अलावा जिले की अन्य सड़कों पर भी कोहरे का आतंक छाया रहता है. कोहरे में फॉग लाइट जलाने के बाद भी वाहन चालकों को मुश्किलों का सामना करना पड़ता है. मंगलवार की अहले सुबह भी जिले से होकर गुजरने वाली सड़कों पर इस तरह का नजारा दिखा. फॉग लाइट जलाकर चलने से भी वाहन चालकों की परेशानी खत्म होने का नाम नहीं ले रही थी.
वहीं दूसरी ओर बिना फॉग लाइट लगाकर वाहन चलाने वालों को और भी अधिक परेशानी हो रही थी.
सरकारी कार्यालयों में भी कार्य निबटाने की रही जल्दी
जिला मुख्यालय स्थित सरकारी कार्यालयों और प्रखंड मुख्यालयों में भी कड़ाके की ठंड के कारण अधिकारियों व कर्मियों को कार्यालय कार्यों का निबटारे को लेकर जल्दबाजी करते पाया गया.सभी को अपने आवास पहुंच कर गर्म कपड़ों की आड़ में अपने को सुरक्षित करने की जल्दी थी.पछुआ विक्षोभ के कारण ठंडी हवाएं भी चल रही हैं. शाम ढलते ही घना कोहरा छाने लगता है. कोहरे के कारण सूर्य की किरणें भी बहुत प्रभावी असर नहीं डाल पाती हैं.
मंगलवार को भी बादलों को चीर कर धूप निकली थी, लेकिन धूप में खास तेजी न होने से ठंड का असर बरकरार रहा. उधर सरकारी दफ्तरों एवं अन्य कार्यों के सिलसिले में बाहर से जिला मुख्यालय पहुंचे लोग भी जल्द काम निबटा कर चले गये.
नगर क्षेत्र के लोग भी शाम होते ही घरों में दुबकने लगे. हालांकि सोमवार एक जनवरी की तुलना में मंगलवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कुछ खास अंतर नही था. सोमवार को जिले का अधिकतम तापमान 21 व न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस और मंगलवार को भी अधिकतम तापमान 21 व न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
क्या कहते हैं पदाधिकारी
नगर के सभी सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाने के निर्देश काफी पहले नप कर्मियों को दिये जा चुके हैं. वाहन से वे संबंधित स्थान पर पहुंचते हैं और अलाव जलाने की व्यवस्था निर्देशों के तहत करते हैं. 40 किलो लकड़ी एक स्थान पर अलाव के इस्तेमाल में लाने का निर्देश है, पर जहां उससे कुछ अधिक की आवश्यकता होगी तो लकड़ी की मात्रा बढ़ायी भी जा सकती है.
सिद्धार्थ हर्षवर्द्धन, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




