सोमवार व शुक्रवार को सभी कार्यालय प्रधान आमजनों की शिकायतों का करेंगे निबटारा : प्रभारी डीएम

समाहरणालय स्थित लहटन चौधरी सभागार में रविवार को प्रभारी डीएम मो तारिक ने प्रेस वार्ता आयोजित कर राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना सात निश्चय 3 के अंतर्गत सातवें निश्चय सबका सम्मान जीवन आसान को प्रभावी रूप से लागू करने की जानकारी दी.
सुपौल. समाहरणालय स्थित लहटन चौधरी सभागार में रविवार को प्रभारी डीएम मो तारिक ने प्रेस वार्ता आयोजित कर राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना सात निश्चय 3 के अंतर्गत सातवें निश्चय सबका सम्मान जीवन आसान को प्रभावी रूप से लागू करने की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि मुख्य सचिव, मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग, बिहार, पटना के आलोक में नागरिकों के दैनिक जीवन में आने वाली कठिनाइयों को कम करने तथा प्रशासन को अधिक संवेदनशील, सुदृढ़ और जवाबदेह बनाने हेतु महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किये गये हैं. प्रभारी डीएम ने कहा कि 19 जनवरी 2026 से प्रत्येक सप्ताह के दो कार्य दिवस सोमवार व शुक्रवार को सभी कार्यालय प्रधान अपने-अपने कार्यालय कक्ष में आमजनों से सम्मानपूर्वक मुलाकात करेंगे और उनकी शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ त्वरित निराकरण सुनिश्चित करेंगे. अपरिहार्य कारणों से यदि कार्यालय प्रधान उपस्थित नहीं रहते हैं, तो उनके स्थान पर किसी वरीय पदाधिकारी को अधिकृत किया जायेगा. उन्होंने बताया कि सभी सरकारी कार्यालयों में आगंतुकों की सुविधा के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था, पेयजल एवं शौचालय की उपलब्धता सुनिश्चित की जायेगी. साथ ही, प्राप्त शिकायतों के पंजीकरण (पंजी) का संधारण किया जायेगा व उनके निबटान की सतत निगरानी की व्यवस्था लागू होगी, ताकि किसी भी शिकायत को लंबित न रखा जाये. जिला स्तर पर व्यवस्था के संबंध में उन्होंने स्पष्ट किया कि डीएम की अनुपस्थिति में उप विकास आयुक्त तथा उनकी भी अनुपस्थिति में अपर समाहर्त्ता आमजनों से मिलकर समस्याओं का समाधान करेंगे. इस संबंध में सभी कार्यालय प्रधानों को आदेश निर्देशित किया गया है. प्रभारी डीएम ने विश्वास जताया कि इस पहल से प्रशासन और जनता के बीच संवाद मजबूत होगा तथा आम नागरिकों को समयबद्ध और सम्मानजनक सेवाएं मिलेगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




