पेड़ से बांधकर युवक की पिटाई का वीडियो वायरल, 61 हजार रुपये जुर्माना वसूलने का भी आरोप
Published by : RAJEEV KUMAR JHA Updated At : 07 Jun 2026 7:38 PM
विज्ञापन
चर्चा है कि शनिवार देर रात वह अपने गांव से करीब तीन किलोमीटर दूर मधेपुरा जिले के शंकरपुर थाना क्षेत्र स्थित मौरा रामनगर गांव गया था
विज्ञापन
– विवाहित महिला से मिलने पहुंचने की चर्चा, परिजनों ने लगाया बंधक बनाकर मारपीट का आरोप
त्रिवेणीगंज.
थाना क्षेत्र के लतौना दक्षिण पंचायत अंतर्गत कशहा वार्ड नंबर 03 निवासी एक युवक को कथित रूप से पेड़ से बांधकर पिटाई किए जाने का मामला सामने आया है. घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. हालांकि वायरल वीडियो की पुष्टि प्रभात खबर नहीं करती है. जानकारी के अनुसार वायरल वीडियो में पेड़ से बंधा दिखाई दे रहा युवक कशहा वार्ड नंबर 03 निवासी लक्ष्मण यादव का पुत्र रंजीत कुमार बताया जा रहा है. चर्चा है कि शनिवार देर रात वह अपने गांव से करीब तीन किलोमीटर दूर मधेपुरा जिले के शंकरपुर थाना क्षेत्र स्थित मौरा रामनगर गांव गया था.महिला से मिलने पहुंचने की चर्चा, ग्रामीणों ने पकड़ने का किया दावा
स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि युवक एक विवाहित महिला से मिलने वहां पहुंचा था. इसी दौरान महिला के परिजनों और कुछ ग्रामीणों ने उसे देख लिया. आरोप है कि इसके बाद युवक को पकड़कर पेड़ से बांध दिया गया और उसके साथ मारपीट की गई. घटना के दौरान मौजूद लोगों द्वारा वीडियो बनाए जाने की भी बात सामने आ रही है, जो रविवार को सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर वायरल हो गया.
परिजनों ने लगाया बंधक बनाने और मारपीट का आरोप
रविवार को युवक के परिजनों ने बताया कि शनिवार रात भोजन करने के बाद रंजीत घर से बाहर निकला था. उनका कहना है कि कथित रूप से संबंधित महिला का फोन आने के बाद वह उससे मिलने गया था. परिजनों के अनुसार रात में उन्हें घटना की जानकारी नहीं थी. रविवार सुबह उन्हें पता चला कि युवक को महिला के परिजनों ने बंधक बना रखा है और उसके साथ मारपीट की गई है. परिजनों का आरोप है कि मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच ग्रामीण स्तर पर पंचायत हुई, जिसमें रंजीत को छोड़ने के एवज में उसके परिवार पर 61 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया. परिजनों का दावा है कि जुर्माने की राशि देने के बाद ही युवक को उनके हवाले किया गया. परिजनों के मुताबिक मारपीट में रंजीत गंभीर रूप से घायल हो गया है. उसे शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोटें आई हैं और चलने-फिरने में भी परेशानी हो रही है. वर्तमान में उसका इलाज राघोपुर-सिमराही स्थित एक निजी अस्पताल अथवा क्लिनिक में कराया जा रहा है.पुलिस को नहीं मिली शिकायत, जांच की संभावना
फिलहाल इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से संबंधित थाना में लिखित शिकायत दिए जाने की सूचना नहीं है. पुलिस की ओर से भी वायरल वीडियो और घटना की सत्यता को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. मामले को लेकर जब त्रिवेणीगंज थानाध्यक्ष राकेश कुमार से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस घटना की जानकारी नहीं है. वहीं मधेपुरा जिले के शंकरपुर थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि उन्हें भी मामले की स्पष्ट जानकारी नहीं है. उन्होंने कहा कि आवेदन प्राप्त होने पर नियमानुसार जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










