वाहन ने ऑटो में मारी टक्कर, चालक की मौत

Updated:
विज्ञापन

हादसे में ऑटो में सवार छह लोग गंभीर रूप से हुए घायल

विज्ञापन

– चिलौनी उत्तर पंचायत के बांस चौक के पास एनएच 27 पर बुधवार शाम की घटना – हादसे में ऑटो में सवार छह लोग गंभीर रूप से हुए घायल – घटना से आक्रोशित लोगों ने एक घंटे तक एनएच को रखा जाम – स्थानीय जनप्रतिनिधियों के समझाने के बाद लोगों ने हटाया जाम प्रतापगंज. चिलौनी उत्तर पंचायत के बांस चौक के पास एनएच 27 पर बुधवार की शाम एक चार चक्का वाहन ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में ऑटो चालक की घटना स्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उसमें सवार छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. मृतक की पहचान भवानीपुर उत्तर पंचायत के वार्ड 7 निवासी लखीचंद्र चौधरी के पुत्र राजकुमार चौधरी (48) के रूप में की गई है. घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने लगभग एक घंटे तक एनएच 27 को जाम कर दिया. आक्रोशित ग्रामीण मृतक के परिजनों को मुआवजा देने और टक्कर मारने वाले वाहन चालक की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे. बताया जाता है कि राजकुमार चौधरी प्रतापगंज बस स्टैंड से ऑटो पर सवारी को बैठाकर सिमराही जा रहा था. इसी दौरान चिलौनी उत्तर पंचायत के बांस चौक के पास एनएच 27 पर तेज रफ्तार में जा रहे चार चक्का वाहन ने पीछे से ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में ऑटो चालक राजकुमार चौधरी, कुशहा निवासी जनार्दन सादा, मधुबनी जिला के महादेव मठ निवासी कुशेश्वर साह, प्रतापगंज थाना क्षेत्र के सुरजापुर पंचायत के परसाबीरबल निवासी वार्ड 11 की रेखा देवी, कविता कुमारी, सीकेन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद आसपास के लोग वहां पहुंचे, लेकिन तब तक टक्कर मारने वाला चालक वाहन लेकर फरार हो गया. उधर, घटना के बाद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस और एम्बुलेंस को दी. बाद में लोगों ने प्राइवेट एम्बुलेंस से सभी को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टर ने राजकुमार चौधरी को मृत घोषित कर दिया, जबकि सभी घायलों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया. उधर, घटना से आक्रोशित लोगों ने बांस चौक पर एनएच को जाम कर दिया. आक्रोशित लोगों का कहना था कि घटना स्थल से कुछ दूरी पर खड़ी 112 की गाड़ी और एम्बुलेंस को भी इसकी जानकारी दी गई. दोनों में से एक भी समय पर घटना स्थल पर नहीं पहुंची. अगर एम्बुलेंस समय पर आता तो चालक राजकुमार की जान बचाई जा सकती थी. आक्रोशित लोग मृतक के परिजनों को मुआवजा देने और टक्कर मारने वाले वाहन चालक की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे. सूचना पर इंस्पेक्टर राजेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित लोगों ने जाम नहीं हटाया. लोगों के आक्रोश को देख कर वरीय पुलिस अधिकारियों ने राघोपुर, करजाईन, ललितग्राम और बलुआ थाना पुलिस को घटना स्थल पर भेजवाया. लोगों के आक्रोश के कारण लगे जाम को हटाने और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाने में पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी. बाद में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के समझाने के बाद लोगों ने जाम हटाया. इसके बाद आवागमन बहाल हुआ. सड़क के दोनों ओर वाहनों की लग गई थी लंबी कतार बांस चौक के पास एनएच जाम रहने से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. इस दौरान यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. हालांकि स्थानीय जनप्रतिनिधियों के समझाने के बाद जब जाम हटा तो राहगीरों ने राहत की सांस ली. उधर, घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया. मृतक की पत्नी कंचन देवी सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. मृतक दो भाई एक बहन में सबसे बड़ा था. वह ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था. मृतक को दो पुत्र और एक पुत्री है. घटना के बाद से गांव में मातम पसरा है. हर कोई इस घटना से मर्माहत है. उधर, थानध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है. पुलिस घटना की जांच कर रही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
RAJEEV KUMAR JHA

लेखक के बारे में

By RAJEEV KUMAR JHA

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन