‘हर खेत तक सिंचाई का पानी’ योजना की समीक्षा, एक सप्ताह में रिपोर्ट देने का निर्देश

बैठक का मुख्य उद्देश्य सात निश्चय-3 के अंतर्गत संचालित हर खेत तक सिंचाई का पानी कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा करना था
सुपौल. जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी तथा लघु सिंचाई प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता की एक बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उप विकास आयुक्त सारा अशरफ की अध्यक्षता में हुई. बैठक का मुख्य उद्देश्य सात निश्चय-3 के अंतर्गत संचालित हर खेत तक सिंचाई का पानी कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा करना था. कार्यपालक अभियंता, लघु सिंचाई प्रमंडल ने जानकारी दी कि विभागीय निर्देश के अनुसार, पूर्व में छूटी हुई योजनाओं का सर्वेक्षण कार्य कनीय अभियंताओं द्वारा संबंधित ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों के समन्वय से पूरा कर लिया गया है व जिले में योजनाओं का चयन भी कर लिया गया है. उन्होंने बताया कि अब चयनित सभी योजनाओं का सीमांकन (डिमार्केशन) एवं नजरी नक्शा (स्केच मैप) तैयार किया जाना शेष है. उप विकास आयुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं पंचायती राज पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे चयनित योजनाओं का सीमांकन कराकर तथा नजरी नक्शा तैयार करवाकर एक सप्ताह के भीतर कार्यपालक अभियंता, लघु सिंचाई प्रमंडल, सुपौल को उपलब्ध कराएं. साथ ही, कार्यपालक अभियंता को भी निर्देशित किया गया कि वे अपने अधीनस्थ कनीय एवं सहायक अभियंताओं को इस कार्य में प्रखंड स्तर के अधिकारियों को आवश्यक सहयोग देने हेतु निर्देशित करें, ताकि योजना का कार्य समय पर और प्रभावी ढंग से पूरा हो सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




