5 लाख पौधे उगाने वाले किसान भिखारी मेहता को मिला बड़ा सम्मान, पर्यावरण दिवस पर हुए सम्मानित
Published by : Pratyush Prashant Updated At : 05 Jun 2026 3:02 PM
विश्व पर्यावरण दिवस पर प्रगतिशील किसान भिखारी मेहता हुए सम्मानित, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया सम्मान प्रदान
Green Hero of Bihar: गांव के किसान ने पौधों से लिखी कामयाबी की कहानी, अब राज्य स्तर पर मिली पहचान
वीरपुर (सुपौल) से प्रमोद कुमार की रिपोर्ट
Green Hero of Bihar: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वीरपुर प्रखंड के रानीपट्टी गांव के प्रगतिशील किसान और पर्यावरण प्रेमी भिखारी मेहता को राज्य स्तर पर सम्मानित किया गया. पटना में आयोजित भव्य समारोह में पर्यावरण संरक्षण और पौधारोपण के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें सम्मान प्रदान किया गया. इस उपलब्धि से न केवल उनका परिवार बल्कि पूरा क्षेत्र गौरवान्वित महसूस कर रहा है.
पर्यावरण संरक्षण के लिए मिला राज्य स्तरीय सम्मान
पटना चिड़ियाघर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बिहार के विभिन्न वन प्रमंडलों से चयनित 10 पर्यावरणविदों को सम्मानित किया गया. इनमें वीरपुर के भिखारी मेहता का नाम भी शामिल था. वर्षों से पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सक्रिय योगदान देने के कारण उन्हें इस सम्मान के लिए चुना गया.
सम्मान मिलने के बाद क्षेत्र के लोगों ने इसे ग्रामीण किसानों और पर्यावरण प्रेमियों के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताया.
पौधारोपण को बनाया मिशन, रोजगार का भी खोला रास्ता
भिखारी मेहता ने वर्ष 2013 से बड़े पैमाने पर पौध उत्पादन का कार्य शुरू किया था. विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर चलाए गए पौधारोपण अभियानों से प्रेरित होकर उन्होंने इसे अपने जीवन का मिशन बना लिया.
आज वे वन विभाग, मनरेगा और अन्य सरकारी योजनाओं के लिए पौधे उपलब्ध करा रहे हैं. पौध उत्पादन को उन्होंने व्यवसायिक रूप देते हुए इसे रोजगार का माध्यम भी बनाया है. वर्तमान में उनका लक्ष्य हर वर्ष लगभग पांच लाख पौधों का उत्पादन करना है.
50 से अधिक लोगों को मिला रोजगार
पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ भिखारी मेहता स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन का भी महत्वपूर्ण काम कर रहे हैं. उनके पौध उत्पादन केंद्र से 50 से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिला हुआ है. यही कारण है कि उनकी पहल को पर्यावरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था दोनों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
पहले भी मिल चुके हैं कई सम्मान
भिखारी मेहता को इससे पहले भी कृषि और पर्यावरण क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए कई बार सम्मानित किया जा चुका है. बिहार दिवस के अवसर पर उन्हें कृषि क्षेत्र में योगदान और बर्मी कम्पोस्ट पर किए गए कार्यों के लिए जिला प्रशासन द्वारा सम्मान मिला था. इसके अलावा कृषि नवाचारों के लिए उन्हें राजभवन में राज्यपाल द्वारा भी सम्मानित किया जा चुका है.
युवाओं और किसानों को दिया सफलता का मंत्र
सम्मान प्राप्त करने के बाद भिखारी मेहता ने कहा कि किसी भी क्षेत्र में सफलता पाने के लिए निरंतर मेहनत, समर्पण और धैर्य जरूरी है. उन्होंने युवाओं और किसानों से पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की अपील करते हुए कहा कि यदि हर व्यक्ति पौधे लगाए और उनकी देखभाल करे तो आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर भविष्य तैयार किया जा सकता है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










