सारण में घायल बीडीओ रितेश कुमार सिंह के समर्थन में छातापुर में सांकेतिक विरोध, अधिकारियों ने बांधी काली पट्टी
बीडीओ रितेश कुमार सिंह | Prabhat Khabar Network
बिहार में बीडीओ पर हमले के विरोध में छातापुर में अधिकारियों ने काली पट्टी बांधकर काम किया. यह विरोध सारण में घायल हुए बीडीओ के समर्थन में किया गया है. जानिए इस घटना और सुरक्षा की मांग पर क्या है अपडेट.
Chhatapur BDO Protest: छातापुर प्रखंड में सोमवार को बिहार ग्रामीण विकास सेवा संघ के राज्यव्यापी आह्वान पर सांकेतिक विरोध दर्ज किया गया. विरोध के तहत प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. राकेश गुप्ता ने कलाई पर काली पट्टी बांधकर सरकारी कार्य किया. यह विरोध सारण जिले में छात्र आंदोलन के दौरान घायल हुए पूर्व छातापुर बीडीओ रितेश कुमार सिंह और सारण सदर की बीडीओ दृष्टि पाठक के समर्थन में किया गया.
सारण में आंदोलन के दौरान हुए थे घायल
जानकारी के अनुसार वर्तमान में सारण जिले के रिविलगंज प्रखंड में बीडीओ के पद पर कार्यरत रितेश कुमार सिंह छात्र आंदोलन के दौरान हुई पत्थरबाजी में गंभीर रूप से घायल हो गए. उनके सिर में गंभीर चोट लगी है और उनका इलाज उच्च चिकित्सा संस्थान में चल रहा है. वहीं सारण सदर की बीडीओ दृष्टि पाठक भी ड्यूटी के दौरान घायल हुई हैं.
सुरक्षा की मांग को लेकर सांकेतिक विरोध
बीडीओ डॉ. राकेश गुप्ता ने बताया कि बिहार ग्रामीण विकास सेवा संघ के आह्वान पर राज्यभर के बीडीओ एवं ग्रामीण विकास सेवा के अधिकारी कलाई में काली पट्टी बांधकर सांकेतिक विरोध दर्ज करा रहे हैं. उन्होंने कहा कि इस विरोध का उद्देश्य घायल अधिकारियों के प्रति एकजुटता व्यक्त करना और सरकारी पदाधिकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाना है.
पंचायत समिति सदस्यों ने भी जताई चिंता
छातापुर पंचायत समिति की बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने भी इस घटना की निंदा की. सदस्यों ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में हिंसा का कोई स्थान नहीं है और सरकारी दायित्व निभा रहे अधिकारियों पर हमला अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है.
शीघ्र स्वस्थ होने की कामना
Chhatapur BDO Protest: बैठक में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने रितेश कुमार सिंह एवं दृष्टि पाठक के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की. उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों अधिकारी जल्द स्वस्थ होकर पुनः अपनी सेवाएं देंगे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए