पंचायत समिति की बैठक में हंगामा, खाद, बिजली, अतिक्रमण और राशन कार्ड के मुद्दों पर गरमाया सदन

Updated:
विज्ञापन
बैठक को संबोधित करती प्रखंड प्रमुख व उपस्थित सदस्य गण | Prabhat Khabar Network

बैठक को संबोधित करती प्रखंड प्रमुख व उपस्थित सदस्य गण | Prabhat Khabar Network

छतौना प्रखंड में सोमवार को पंचायत समिति की सामान्य बैठक आयोजित हुई. इसमें राशन कार्ड, किसानों की खाद-बिजली की समस्या, अतिक्रमण और विभिन्न लंबित योजनाओं पर गहन चर्चा हुई. कई विभागों के अधिकारियों की अनुपस्थिति पर सदस्यों ने कड़ी आपत्ति जताई.

विज्ञापन

Chhatapur Panchayat: छातापुर प्रखंड के मनरेगा कार्यालय सभागार में सोमवार को पंचायत समिति की सामान्य बैठक प्रखंड प्रमुख आशिया देवी की अध्यक्षता में आयोजित हुई. बैठक का संचालन बीडीओ डॉ. राकेश गुप्ता ने किया. बैठक में सीओ रविराज, थानाध्यक्ष प्रमोद झा, उपप्रमुख संजय यादव, विभिन्न विभागों के अधिकारी, मुखिया, पंचायत समिति सदस्य और जनप्रतिनिधि शामिल हुए. बैठक की शुरुआत पिछली बैठक की कार्यवाही की पुष्टि के साथ हुई, जिसके बाद विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर सदन में जोरदार चर्चा हुई.

कई विभागों के अधिकारियों की अनुपस्थिति पर नाराजगी

बैठक के दौरान सदस्यों ने कई विभागों के अधिकारियों के अनुपस्थित रहने पर कड़ी आपत्ति जताई. बीडीओ ने उपस्थित नहीं रहने वाले अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगने और इसकी जानकारी जिलाधिकारी को भेजने का आश्वासन दिया. बैठक में महिला जनप्रतिनिधियों के प्रतिनिधियों को सदन से बाहर किए जाने का मुद्दा भी चर्चा में रहा.

राशन कार्ड, अतिक्रमण और योजनाओं पर प्रशासन ने दी जानकारी

बीडीओ डॉ. राकेश गुप्ता ने बताया कि प्रखंड में 83 प्रतिशत पात्र परिवारों के पास राशन कार्ड है, जबकि शेष पात्र लाभुकों के लिए चार हजार नए राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. अब तक लगभग 1400 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं. उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पुलिस बल उपलब्ध नहीं होने के कारण टल गई थी. अब पंचायत समिति के प्रस्ताव के आधार पर अनुमंडल प्रशासन से बल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया जाएगा. उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटाने के बाद दोबारा कब्जा करने वालों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 126 के तहत कार्रवाई की जाएगी.

खाद और बिजली को लेकर किसानों की समस्याएं उठीं

लक्ष्मीपुर खूंटी पंचायत के मुखिया सह मुखिया संघ अध्यक्ष किशोर कुमार मुन्ना, उधमपुर मुखिया महानंद प्रसाद यादव, चुन्नी पंचायत के मुखिया शंभू कुमार सिंह, पंचायत समिति सदस्य बिमल झा, राजकुमार सिंह, सावित्री देवी सहित कई सदस्यों ने किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया. सदस्यों ने आरोप लगाया कि यूरिया और डीएपी निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर बेचे जा रहे हैं और किसानों का आर्थिक शोषण हो रहा है. कृषि फीडर के तहत हर खेत तक बिजली पहुंचाने में हो रही देरी, ठेकेदारों द्वारा कथित अवैध वसूली, ट्रांसफार्मर और अन्य सामग्री की कमी तथा सिंचाई के लिए नहरों में पानी नहीं मिलने की समस्या भी सदन में उठाई गयी.

लंबित योजनाओं और विकास कार्यों पर भी हुई चर्चा

बैठक में बस पड़ाव स्थानांतरण, विवाह मंडप निर्माण, एनओसी के अभाव में लंबित विकास योजनाएं, कबीर अंत्येष्टि योजना के लिए अपर्याप्त आवंटन तथा कन्या विवाह योजना के आठ हजार लंबित आवेदनों के भुगतान का मुद्दा भी उठा. सदस्यों ने गैड़ा और सुरसर नदी में कटाव की समस्या पर भी प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया. बीडीओ ने बताया कि 15वें वित्त आयोग के स्थान पर अब 16वें वित्त आयोग के तहत प्राप्त राशि से उन क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जाएगी, जहां विकास कार्य अपेक्षाकृत कम हुए हैं.

बैठक में रहे मौजूद

Chhatapur Panchayat: बैठक में बीएओ कुंदन कुमार, मनरेगा पीओ शिव नारायण लाल, विधायक प्रतिनिधि केशव कुमार गुड्डू, जदयू अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार आनंद, भाजपा मंडल अध्यक्ष पवन कुमार हजारी, राजेश्वरी थानाध्यक्ष युगल किशोर, ललितग्राम थानाध्यक्ष अंजलि कुमारी, बिहार ग्रामीण बैंक एवं एसबीआई के प्रतिनिधि, बीएचएम रविंद्र कुमार, जेई ब्यूटी कुमारी, प्रभात कुमार, एमडीएम प्रभारी मनोज गुप्ता, एसएफसी के नरेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे.


विज्ञापन
संजय कुमार पप्पू

लेखक के बारे में

By संजय कुमार पप्पू

संजय कुमार पप्पू प्रिंट माध्यम में 16 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अपराध, राजनीति, कला-संस्कृति की खबरों में रुचि रखते हैं. छातापुर (सुपौल) क्षेत्र में काम कर रहे हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन