कब्जा हटाने जाते हैं, तो करते हैं मारपीट
Author :Prabhat Khabar Digital Desk
Published by :Prabhat Khabar Digital Desk
Updated at :05 Sep 2016 4:44 AM
विज्ञापन

परेशानी. अतिक्रमण से हलकान है शहर, शहरवासियों की समस्या को लेकर मूक दर्शक बना है प्रशासन जिला मुखयालय में गुदरी के बजाय सड़कों पर फल व सब्जी की दुकानें लगती हैं. इस अतिक्रमण के कारण शहरवासी परेशान रहते हैं. यहां अतिक्रमणकारियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे टोकने पर मारपीट करने को तैयार हो […]
विज्ञापन
परेशानी. अतिक्रमण से हलकान है शहर, शहरवासियों की समस्या को लेकर मूक दर्शक बना है प्रशासन
जिला मुखयालय में गुदरी के बजाय सड़कों पर फल व सब्जी की दुकानें लगती हैं. इस अतिक्रमण के कारण शहरवासी परेशान रहते हैं. यहां अतिक्रमणकारियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे टोकने पर मारपीट करने को तैयार हो जाते हैं. विकट होती जा रही अतिक्रमण की समस्या के बावजूद पुलिस व सामान्य प्रशासन मामले में उदासीन बना हुआ है.
सुपौल : जिला मुख्यालय में सड़कों पर अतिक्रमण की समस्या थमने का नाम नहीं ले रही है. स्टेशन चौक, महावीर चौक, लोहिया नगर आदि चौक-चौराहे व प्रमुख सड़कों पर अतिक्रमण आम शहरियों के लिए जी का जंजाल बना हुआ है. अतिक्रमण की वजह से शहर की चौड़ी सड़कें दिन ब दिन सिकुड़ती जा रही है. इसके कारण वाहनों के साथ ही आमलोगों को भी आवागमन में परेशानी झेलनी पड़ती है. वहीं व्याप्त अतिक्रमण की वजह से संकरी हो रही सड़कों पर अक्सर दुर्घटना की आशंका बनी रहती है.
अतिक्रमणकारियों के हौसले आसमान छू रहे हैं. यही वजह है कि जब भी इन्हें इस बाबत टोका जाता है तो वे विरोध करने वालों से ही उलझ पड़ते हैं. कभी-कभार तो मामला मारपीट तक पहुंच जाता है. इन सब के बीच पुलिस व जिला प्रशासन तमाशबीन बना प्रतीत होता है.
परतों में सजती है दुकानें
आलम यह है कि सड़क के किनारे अवस्थित स्थायी दुकानों के आगे अतिक्रमणकारी मनमाने ढंग से जमे हुए हैं. इनमें सड़क पर, चौकी पर व ठेलों पर कई परतों में दुकान लगाये जाते हैं. इसके कारण स्थायी दुकानदारों को काफी परेशानी झेलनी पड़ती है, लेकिन अतिक्रमणकारियों का मनोबल इतना बढ़ा हुआ है कि अगर कोई दुकानदार अपनी दुकान के आगे से कब्जा जमाये अवैध दुकानदारों को हटने की बात कहते हैं तो वे अतिक्रमणकारी संगठित होकर उल्टे स्थायी दुकानदार से उलझ जाते हैं. मामला मारपीट तक पहुंच जाता है. इन सबके बीच पुलिस प्रशासन मौन बना रहता है. इससे आम शहरियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है.
अतिक्रमण हटाने की मांग
भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष संतोष प्रधान समेत नलिन जायसवाल, अभिषेक कुमार गुप्ता, अशोक सम्राट, कमल कुमार शर्मा, गौरी शंकर मंडल, प्रशांत ठाकुर, सुभम कुमार झा व अजय कुमार लाल ने जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी एवं थानाध्यक्ष को आवेदन देकर स्टेशन चौक एवं शिव मंदिर के समीप व्याप्त अतिक्रमण को हटाने की मांग की है. इन्होंने कहा है कि अतिक्रमण की वजह से मंदिर में पूजा-अर्चना व मंदिर की परिक्रमा करने वाले लोगों को काफी कठिनाई का सामना करना पड़ता है. वहीं अवैध दुकानदारों को जब ऐसा करने से मना किया जाता है तो वो लड़ने पर उतारू हो जाते हैं.
फुटकर दुकानदारों का है कब्जा
शहर के प्रमुख चौक-चौराहों व सड़कों पर दिन ब दिन फल, सब्जी जैसे फुटकर दुकान लगते जा रहे हैं. वहीं ठेला व रेहड़ी वालों की वजह से समस्या और भी विकराल होती जा रही है. नगर परिषद द्वारा शहर में दक्षिण हटखोला सहित अन्य कई स्थानों पर फुटकर दुकानदारों के लिए गुदरी बाजार का निर्माण किया गया है, लेकिन अवैध दुकानदार इन गुदरी के बजाय सड़कों पर जमे हुए हैं. वहीं नगर परिषद द्वारा निर्मित शेड पर कुछ लोगों ने कब्जा जमा रखा है.
सबसे बुरी हालत स्टेशन चौक की है. यहां सड़कों के अलावा चौराहे पर स्थित शिव मंदिर को चारों ओर से फुटकर दुकानदारों ने अपनी दुकानें लगा रखी है. इसके कारण न सिर्फ आवागमन की समस्या उत्पन्न होती है, बल्कि मंदिर में पूजा करने वाले श्रद्धालुओं को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है.
अतिक्रमण हटाने की मुहिम में आप भी हों शामिल
शहर में व्याप्त अतिक्रमण की विकट समस्या को देखते हुए प्रभात खबर ने सोमवार से अतिक्रमण मुक्ति अभियान प्रारंभ किया है. आम नागरिक भी इसमें अपना सहयोग, बहुमूल्य सुझाव व शिकायत दर्ज करा कर इस अभियान में शामिल हो सकते हैं. इसके लिएवे मोबाईल नंबर 9430697250, 7368830718 पर मौजूद व्हाट्सएप्प व इमेल आइडी prabhatkhabarsup@gmail.com पर अपना संदेश दे सकते हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










