होमगार्ड बहाली में धांधली का आरोप लगाते हुए अभ्यर्थियों ने किया हंगामा, पत्थरबाजी, पुलिस जवान जख्मी

Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 26 Sep 2019 6:57 PM

विज्ञापन

सुपौल : बिहार के सुपौल में होमगार्ड की बहाली में धांधली का आरोप लगाते किशनपुर एवं राघोपुर प्रखंड के अभ्यर्थियों ने गुरुवार को शारीरिक परीक्षण स्थल स्टेडियम के सामने जमकर हंगामा किया. हंगामा को शांत करने के लिए मौके पर प्रतिनियुक्त पुलिस दल ने जब बल का प्रयोग किया तो अभ्यर्थियों की टोली उग्र हो […]

विज्ञापन

सुपौल : बिहार के सुपौल में होमगार्ड की बहाली में धांधली का आरोप लगाते किशनपुर एवं राघोपुर प्रखंड के अभ्यर्थियों ने गुरुवार को शारीरिक परीक्षण स्थल स्टेडियम के सामने जमकर हंगामा किया. हंगामा को शांत करने के लिए मौके पर प्रतिनियुक्त पुलिस दल ने जब बल का प्रयोग किया तो अभ्यर्थियों की टोली उग्र हो गयी. इसके बाद वहां अफरा-तफरी का माहौल हो गया. अभ्यर्थियों द्वारा शोर शराबे के साथ पत्थरबाजी किया जाने लगा. जिसमें पुलिस का एक जवान घायल भी हुआ. जिसके बाद गुरुवार को होने वाले दौड़ को रद्द कर दिया गया.

बताया गया कि अब किशनपुर एवं राघोपुर प्रखंड के अभ्यर्थियों की दौड़ 29 सितंबर 2019 को आयोजित की जायेगी. मालूम हो कि गुरुवार को घोषित तिथि के अनुसार किशनपुर एवं राघोपुर प्रखंड के अभ्यर्थियों का दौड़ किया जाना था. लेकिन, बुधवार की संध्या से ही बारिश के बाद मैदान काफी गीला हो चुका था. जिस पर प्रशासनिक अधिकारियों के देखरेख में मिट्टी व बालू डाल कर मैदान को सुखाया जा रहा था. लेकिन, अभ्यर्थी बारिश में दौड़ में शामिल नहीं होना चाहते थे. जिन अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड नहीं मिल सका था. उनलोगों को शुक्रवार को एमडिट कार्ड दिया जा रहा था.

पत्थरबाजी में एक जवान और एक अभ्यर्थी जख्मी
हंगामे की सूचना पर मौके पर तत्काल भारी संख्या में पुलिस बल को बुलाया गया एवं स्थिति को नियंत्रण में ले लिया गया. इस दौरान ऑन ड्यूटी पुलिस जवान त्रिलोकी पासवान के घुटने पर एक अभ्यर्थी ने एक बड़े ईंट से प्रहार कर दिया. जिससे वे जख्मी हो गये. हालांकि, प्रहार करने वाले अभ्यर्थी को वहां मौजूद जवानों ने पकड़ लिया. जिसकी जमकर पिटाई कर दी. जिससे अभ्यर्थी जख्मी हो गया. मौके पर पहुंची सदर थाना पुलिस ने दोनों जख्मी को सदर अस्पताल में भर्ती कराया. जहां उनका इलाज चल रहा है. हंगामे की सूचना पर मिलने पर डीएम महेंद्र कुमार एवं एसपी मृत्युजंय कुमार चौधरी ने भी स्थल का जायजा लिया और संबंधितों को कई निर्देश दिये.

पिपरा एवं बसंतपुर के अभ्यर्थियों की दौड़ आज
गौरतलब है कि होमगार्ड की बहाली की प्रक्रिया स्टेडियम परिसर में बीते 23 सितंबर 2019 से चल रही है. जहां वर्ष 2006 एवं वर्ष 2011 में होमगार्ड की बहाली हेतु आवेदन देने वाले आवेदकों के बहाली की प्रक्रिया चल रही है. वर्ष 2006 में करीब 04 हजार एवं वर्ष 2011 में करीब 11 हजार आवेदकों ने आवेदन किया था. जिसके लिए अभ्यर्थियों का दौड़ 23 एवं 24 सितंबर 2019 को संपन्न हो गया. 23 सितंबर को दौड़ में 268 अभ्यर्थियों ने भाग लिया. जिसमें 24 अभ्यर्थी सफल रहे.

वहीं 24 सितंबर को दौड़ में 259 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया. जिसमें 18 अभ्यर्थी सफल रहे. बताया गया कि होमगार्ड की बहाली के वर्ष 2006 के अभ्यर्थियों के लिए 218 पद सृजित है. जिसमें कुल 42 अभ्यर्थी सफल रहे. वर्ष 2011 के अभ्यर्थियों के लिए 170 पद सृजित हैं. इसके लिए 25 सितंबर को दौड़ आयोजित किया गया. जिसमें करीब 600 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया. जिसमें 77 अभ्यर्थी सफल रहे. 27 सितंबर को पिपरा एवं बसंतपुर, 28 सितंबर को सरायगढ-भपटियाही, छातापुर एवं प्रतापगंज एवं 30 सितंबर को त्रिवेणीगंज, निर्मली एवं मरौना के अभ्यर्थियों का दौड़ आयोजित किया जायेगा.

कहते हैं अधिकारी
मौके पर मौजूद वरीय जिला समादेष्टा राणा अमरेंद्र कुमार दीपक ने बताया कि बारिश के बाद अभ्यर्थियों की मंशा दौड़ की नहीं थी. धांधली का आरोप निराधार है. बताया कि मॉब बनाकर उनलोगों ने हंगामा शुरू कर दिया. स्थिति को तत्काल नियंत्रण में ले लिया गया. बताया कि अभ्यर्थियों के हमले से एक जवान चोटिल हुए हैं. जिसका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है. बताया कि गुरुवार के दौड़ को रद्द कर दिया गया है. अब किशनपुर एवं राघोपुर प्रखंड के अभ्यर्थियों की दौड़ 29 सितंबर को आयोजित की जायेगी.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन