सीवान: बड़हरिया में कलश यात्रा के दौरान दाहा नदी में डूबने से युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम
सीवान के बड़हरिया में कलश यात्रा के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया, जहां दाहा नदी में डूबने से 18 वर्षीय युवक सूरज कुमार की मौत हो गई. घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है.
Siwan News: बड़हरिया थाना क्षेत्र के नबीगंज स्थित दाहा नदी घाट पर सोमवार को कलश यात्रा के दौरान बड़ा हादसा हो गया. नदी में डूबने से एक 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान लकड़ी दरगाह निवासी श्रीभगवान साह के इकलौते पुत्र सूरज कुमार के रूप में हुई है. घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
जानकारी के अनुसार, लकड़ी दरगाह गांव में आयोजित यज्ञ को लेकर सोमवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई थी. कलश यात्रा दाहा नदी घाट पहुंची, जहां श्रद्धालु महिलाएं कलश में जल भर रही थीं. इसी दौरान सूरज कुमार नदी में उतरकर महिलाओं को कलश में जल भरने में सहयोग कर रहा था.
इसी बीच अचानक वह नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गया और देखते ही देखते पानी में बह गया. घटना के बाद कलश यात्रा में शामिल लोगों और स्थानीय ग्रामीणों ने युवक को बचाने का काफी प्रयास किया. काफी देर तक नदी में उसकी तलाश की गई, लेकिन उसका पता नहीं चल सका.
बचाव दल के समय पर नहीं पहुंचने का आरोप
स्थानीय सरपंच संतोष चौहान ने आरोप लगाया कि घटना की सूचना तत्काल प्रशासन को दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद एसडीआरएफ या एनडीआरएफ की टीम समय पर नहीं पहुंच सकी. उन्होंने कहा कि यदि राहत एवं बचाव कार्य समय पर शुरू होता तो संभव है कि युवक की जान बचाई जा सकती थी.
गुजरात में मजदूरी करते हैं पिता, इकलौते बेटे की मौत से टूटा परिवार
बताया जाता है कि मृतक सूरज कुमार के पिता श्रीभगवान साह गुजरात में रहकर मजदूरी करते हैं. इकलौते बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. गांव में मातम पसरा हुआ है.
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि नदी घाटों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











