सीवान के हसनपुरा में चेहल्लुम कल, इमाम हुसैन की शहादत की याद में निकलेगा मातमी जुलूस
हसनपुरा के उसरी खुर्द स्थित कर्बला
सीवान के हसनपुरा प्रखंड क्षेत्र में चेहल्लुम का पर्व श्रद्धा और अकीदत के साथ मनाया जाएगा. विभिन्न गांवों में तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और कल मातमी जुलूस निकलेगा. इमामबाड़ों में मजलिसों का आयोजन किया गया.
Siwan News: हजरत इमाम हुसैन (अ.स.) एवं कर्बला में शहीद हुए उनके 72 साथियों की शहादत के 40वें दिन मनाया जाने वाला चेहल्लुम का पर्व मंगलवार को हसनपुरा प्रखंड क्षेत्र में श्रद्धा, अकीदत और गमगीन माहौल में मनाया जाएगा. पर्व को लेकर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.
हसनपुरा, उसरी, मंद्रापाली सहित आसपास के गांवों में सोमवार से ही चेहल्लुम को लेकर तैयारियां तेज रहीं. विभिन्न चौक-चौराहों पर ताजिया और अलम को आकर्षक ढंग से सजाया गया, जबकि जुलूस के मार्गों की व्यवस्था भी पूरी कर ली गई.
इमामबाड़ों में हुई मजलिस, अकीदतमंदों ने दी श्रद्धांजलि
चेहल्लुम को लेकर इमामबाड़ों में सोमवार देर शाम तक मजलिस और मातम का सिलसिला चलता रहा. इस दौरान अकीदतमंदों ने कर्बला की शहादत को याद करते हुए हजरत इमाम हुसैन (अ.स.) को खिराज-ए-अकीदत पेश की.
मंगलवार को उसरी, हसनपुरा और मंद्रापाली से मातमी जुलूस निकाला जाएगा. जुलूस में शामिल अकीदतमंद "या हुसैन, या हुसैन" की सदाएं बुलंद करते हुए मातम करेंगे और परंपरा के अनुसार कर्बला तक पहुंचेंगे.
सुरक्षा व्यवस्था पर भी रहेगी नजर
चेहल्लुम के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और अकीदतमंदों के शामिल होने की संभावना है. इसे देखते हुए प्रशासन और स्थानीय स्तर पर भी व्यवस्था की गई है, ताकि पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











