सीवान हत्याकांड: फखरुद्दीनपुर में सात फरार आरोपितों के घर इश्तहार चस्पा, आत्मसमर्पण नहीं करने पर होगी सख्त कार्रवाई

Updated:
विज्ञापन

इस्तेहार चस्पा करती पुलिस | Prabhat Khabar Network

सीवान के फखरुद्दीनपुर गांव में प्रेम विवाह के बाद हुई हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है. न्यायालय के आदेश पर सात फरार नामजद आरोपियों के घरों पर इश्तहार चस्पा किया गया है. पुलिस ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय में आत्मसमर्पण न करने पर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी, जिसमें कुर्की-जब्ती भी शामिल हो सकती है.

विज्ञापन

सीवान: जीबी नगर थाना क्षेत्र के फखरुद्दीनपुर गांव के चर्चित हत्या कांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सोमवार को न्यायालय के आदेश पर सात फरार नामजद आरोपितों के घर इश्तहार चस्पा किया. पुलिस ने सभी आरोपितों को निर्धारित अवधि के भीतर न्यायालय अथवा पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी है. निर्धारित समय में आत्मसमर्पण नहीं करने पर उनके विरुद्ध आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

न्यायालय के आदेश पर हुई कार्रवाई

पुलिस के अनुसार जीबी नगर थाना कांड संख्या 171/26 के अनुसंधानकर्ता सब इंस्पेक्टर उपेंद्र राय ने न्यायालय से अनुमति मिलने के बाद फरार आरोपितों के घरों पर इश्तहार चस्पा कराया. पुलिस लगातार उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी कर रही है.

मुख्य आरोपित पहले ही भेजा जा चुका है जेल

इस मामले में मुख्य आरोपित चंदन कुमार महतो को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा चुका है. हालांकि, सात अन्य नामजद आरोपित अब भी फरार हैं. पुलिस का कहना है कि सभी आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी है.

प्रेम विवाह के बाद हत्या का आरोप

मामले में फखरुद्दीनपुर निवासी हीरामती देवी ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी. उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी पुत्री रानी कुमारी देवी ने करीब छह माह पहले चंदन महतो से प्रेम विवाह किया था. विवाह के बाद उसे लगातार प्रताड़ित किया जाने लगा.

आरोप है कि 30 मार्च 2026 को चंदन महतो समेत आठ लोगों ने मिलकर रानी की चाकू से हमला कर और गला घोंटकर हत्या कर दी. इसके बाद घटना को आत्महत्या का रूप देने के उद्देश्य से शव को चंद्रिका महतो के घर में फंदे से लटका दिया गया.

31 मार्च को मिली थी घटना की जानकारी

परिजनों को घटना की जानकारी 31 मार्च की सुबह मिली. सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया.

पुलिस ने दी चेतावनी

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फरार आरोपितों को जल्द से जल्द आत्मसमर्पण करना होगा. यदि वे निर्धारित अवधि में न्यायालय या पुलिस के समक्ष उपस्थित नहीं होते हैं तो न्यायालय के निर्देशानुसार उनके विरुद्ध अगली कानूनी प्रक्रिया, जिसमें कुर्की-जब्ती जैसी कार्रवाई भी शामिल हो सकती है, की जाएगी.

Also Read: Bankipur By Election Result: बांकीपुर में छा गए प्रशांत किशोर, 2025 में हार के 9 महीनों बाद ऐसा क्या बदला कि BJP को उसी के गढ़ में पछाड़ दिया


विज्ञापन
मनीष गिरि

लेखक के बारे में

By मनीष गिरि

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन