सीवान में पुलिस कार्रवाई का असर, गिरफ्तारी के डर से कॉलेज-कोचिंग में घटी छात्रों की उपस्थिति

पढ़ाई करते छात्र
Siwan News: सीवान में बंद के दौरान हुई हिंसा के बाद पुलिस की लगातार कार्रवाई का असर अब शैक्षणिक संस्थानों पर भी दिख रहा है. छात्र गिरफ्तारी के डर से कॉलेज और कोचिंग संस्थानों में जाने से कतरा रहे हैं, जिससे पढ़ाई प्रभावित हो रही है.
Siwan News: शहर में बंद के दौरान हुई हिंसा और इसके बाद पुलिस की लगातार कार्रवाई का असर अब जिले के कॉलेजों और कोचिंग संस्थानों में भी दिखाई देने लगा है. प्रदर्शन में शामिल आरोपितों की गिरफ्तारी और लगातार चल रही छापेमारी के बीच कई छात्र-छात्राएं कॉलेज और कोचिंग संस्थानों में जाने से परहेज कर रहे हैं. मंगलवार को शहर के कई कॉलेजों और निजी कोचिंग संस्थानों में सामान्य दिनों की तुलना में विद्यार्थियों की उपस्थिति काफी कम रही. इससे पढ़ाई और शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित हुई हैं.
कई कोचिंग संस्थानों में आधी खाली रहीं कक्षाएं
शहर के प्रमुख कोचिंग संस्थानों में मंगलवार को कई कक्षाओं में सामान्य दिनों की तुलना में काफी कम विद्यार्थी पहुंचे. कोचिंग संचालकों के अनुसार, कई छात्रों ने फोन कर अनुपस्थित रहने की जानकारी दी. कुछ विद्यार्थियों ने बताया कि उनके अभिभावकों ने फिलहाल घर से बाहर निकलने से मना किया है. वहीं, कुछ छात्र पुलिस कार्रवाई के डर से कोचिंग नहीं आने की बात कह रहे हैं.
कॉलेजों में भी स्नातक और इंटरमीडिएट की कक्षाओं में विद्यार्थियों की संख्या सामान्य से कम रही. शिक्षकों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों की घटनाओं के बाद कई विद्यार्थियों में भय का माहौल है. ऐसे छात्र भी कॉलेज नहीं पहुंच रहे हैं, जिनका प्रदर्शन या हिंसा से कोई प्रत्यक्ष संबंध नहीं रहा है.
अभिभावक भी बरत रहे एहतियात
पुलिस की लगातार कार्रवाई को देखते हुए अभिभावक भी एहतियात बरत रहे हैं. कई अभिभावकों ने अपने बच्चों को कुछ दिनों तक घर पर रहने की सलाह दी है. इससे नियमित कक्षाओं में विद्यार्थियों की उपस्थिति प्रभावित हो रही है.
शहर के शिक्षाविदों का मानना है कि यदि जल्द स्थिति सामान्य नहीं हुई, तो इसका असर विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई के साथ आगामी परीक्षाओं की तैयारी पर भी पड़ सकता है.
पुलिस का दावा- साक्ष्य के आधार पर हो रही कार्रवाई
दूसरी ओर, पुलिस का गिरफ्तारी अभियान लगातार जारी है. स्थानीय पुलिस, एसआईटी और एसटीएफ की संयुक्त टीम जिले के विभिन्न इलाकों में छापेमारी कर रही है.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कार्रवाई उन लोगों के खिलाफ की जा रही है, जिनकी पहचान वीडियो फुटेज, सीसीटीवी कैमरों और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर हुई है. पुलिस ने कहा है कि निर्दोष छात्रों को परेशान नहीं किया जाएगा.
नामजद प्रदर्शनकारियों की तलाश में छापेमारी तेज
बंद के दौरान हिंसा और पथराव मामले में नामजद प्रदर्शनकारियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है. नगर थाना पुलिस और एसआईटी की संयुक्त टीम संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है.
पुलिस के अनुसार, प्राथमिकी में नामजद आरोपितों के घरों के अलावा उनके रिश्तेदारों और अन्य संभावित ठिकानों पर भी छापेमारी की जा रही है. कार्रवाई की सूचना मिलने के बाद कई आरोपितों के घर से फरार होने की बात सामने आ रही है. कुछ के जिले से बाहर चले जाने की आशंका भी जतायी जा रही है.
तकनीकी सेल की ली जा रही मदद
फरार आरोपितों की तलाश में पुलिस तकनीकी सेल की मदद ले रही है. मोबाइल लोकेशन, सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है.
अधिकारियों ने कहा कि घटना में शामिल किसी भी आरोपित को बख्शा नहीं जाएगा. जिन लोगों की पहचान हो चुकी है, उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है. पुलिस का दावा है कि फरार आरोपितों को जल्द गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा.
संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात
इधर, शहर के संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती जारी है. कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में लगातार गश्त की जा रही है.
कई छात्र संगठनों ने भी पुलिस कार्रवाई को लेकर चिंता जतायी है. उनका कहना है कि भय का माहौल बनने से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है. संगठनों ने कहा कि जिन छात्रों का हिंसा से कोई संबंध नहीं है, उन्हें डरने की जरूरत नहीं है.
वहीं, प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और शांति बनाए रखने की अपील की है. पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी, जबकि निर्दोष लोगों के साथ किसी प्रकार की अनुचित कार्रवाई नहीं की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










