सीवान में श्मशान घाट की जमीन पर बढ़ा विवाद, मौके पर पहुंचे भाजपा जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी, ग्रामीणों की सुनीं समास्याएं

Updated:
विज्ञापन
Siwan News

भाजपा जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी मौके पर मौजूद

Siwan News: अंतिम संस्कार में बाधा उत्पन्न होने की शिकायतों के बीच भाजपा जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी ने गुरुवार को स्थल का निरीक्षण किया और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं.

विज्ञापन

Siwan News: (सीवान से अमर नाथ शर्मा की रिपोर्ट )
सीवान नगर परिषद क्षेत्र के चकिया स्थित श्मशान घाट की भूमि को लेकर विवाद गहराता जा रहा है. अंतिम संस्कार में बाधा उत्पन्न होने की शिकायतों के बीच भाजपा जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी ने गुरुवार को स्थल का निरीक्षण किया और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं. ग्रामीणों ने प्रशासन से भूमि की पैमाइश, सीमांकन, घेराबंदी और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग उठाई है.

श्मशान घाट की जमीन को लेकर ग्रामीणों में बढ़ी चिंता

जानकारी के अनुसार, चकिया गांव स्थित खाता संख्या-49, सर्वे संख्या-130 की 12 कठ्ठा 18 धुर भूमि राजस्व अभिलेखों में मुरदघटी (श्मशान घाट) के रूप में दर्ज बताई जा रही है. ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से इस भूमि का उपयोग अंतिम संस्कार और दफनाने के कार्य के लिए किया जाता रहा है.

अंतिम संस्कार में बाधा पहुंचाने का लगाया आरोप

ग्रामीणों द्वारा जिलाधिकारी को दिए गए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि हाल के दिनों में कुछ लोगों द्वारा श्मशान घाट में अंतिम संस्कार के लिए आने पर आपत्ति जताई जा रही है. इससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और सामाजिक तनाव की स्थिति उत्पन्न हो रही है.

राहुल तिवारी ने मौके पर पहुंचकर सुनी लोगों की समस्याएं

भूमि विवाद की सूचना मिलने पर भाजपा जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी ने गुरुवार को श्मशान घाट का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और शिकायतों की जानकारी ली. मौके पर स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे.

प्रशासन से जांच और समाधान की मांग

निरीक्षण के बाद राहुल तिवारी ने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर शीघ्र समाधान निकालने का आग्रह किया. उन्होंने कहा कि सार्वजनिक उपयोग की भूमि से जुड़े मामलों का निपटारा राजस्व अभिलेखों और विधिक प्रक्रिया के अनुरूप होना चाहिए, ताकि किसी भी पक्ष के अधिकार प्रभावित न हों.

भूमि सीमांकन और घेराबंदी की उठी मांग

ग्रामीणों ने प्रशासन से श्मशान घाट की भूमि की पैमाइश कर सीमांकन कराने, घेराबंदी करवाने और अतिक्रमण की संभावनाओं को रोकने की मांग की है. उनका कहना है कि स्पष्ट सीमांकन होने से भविष्य में किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न नहीं होगा और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया निर्बाध रूप से जारी रह सकेगी.

जिलाधिकारी और अंचल अधिकारी से की गई पहल

राहुल तिवारी ने बताया कि इस संबंध में जिलाधिकारी और संबंधित अंचल अधिकारी से बातचीत कर मामले की जांच कराने तथा आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है. उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन जल्द ही उचित कदम उठाकर ग्रामीणों की समस्या का समाधान करेगा.

कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान नगर परिषद की उपसभापति किरण गुप्ता, भाजपा नेता जयप्रकाश गुप्ता, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुभाष सिंह कुशवाहा समेत चकिया गांव के कई ग्रामीण उपस्थित रहे. सभी ने एक स्वर में श्मशान घाट की भूमि को सुरक्षित रखने और अंतिम संस्कार की व्यवस्था सुचारु बनाए रखने की मांग की.

Also Read: सीवान में प्रभात खबर का अपराजिता सम्मान समारोह आज, नम्रता के सुर और एहसान के ठहाकों से गुलजार होगी शाम

विज्ञापन
साक्षी कुमारी

लेखक के बारे में

By साक्षी कुमारी

साक्षी कुमारी को डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 3 वर्षों का अनुभव है. पिछले तीन वर्षों से वह डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. उन्हें राजनीति, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सरोकारों और समसामयिक मुद्दों से जुड़ी खबरों की रिपोर्टिंग और लेखन का अनुभव है. बिहार की राजनीति और क्षेत्रीय मुद्दों पर उनकी विशेष रुचि है. डिजिटल पत्रकारिता के साथ-साथ उन्हें SEO (Search Engine Optimization) की भी अच्छी समझ है, जिससे वह पाठकों तक समय पर और प्रभावी ढंग से खबरें पहुंचाने में दक्ष हैं. तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार तैयार करना उनकी प्रमुख कार्यशैली है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन