सीवान में 24 घंटे में 26 अपराधी गिरफ्तार, 196 लीटर शराब बरामद

सीवान में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस के विशेष अभियान में 26 अभियुक्त गिरफ्तार किए गए. 196 लीटर अवैध शराब बरामद, 39 वारंटों का निष्पादन और सात कुर्की की कार्रवाई हुई.
सीवान: जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर सीवान पुलिस ने बीते 24 घंटे के दौरान विशेष अभियान चलाया. अभियान के दौरान पुलिस ने विभिन्न आपराधिक मामलों में 26 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया. इस दौरान 39 वारंटों का निष्पादन करने के साथ ही सात कुर्की की कार्रवाई भी की गयी.
पुलिस अधीक्षक पुरन कुमार झा ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों में शराब कांड के 13, वारंट के छह, हत्या के प्रयास के एक, पॉक्सो एक्ट के चार, अपहरण के एक तथा अन्य मामलों के एक अभियुक्त शामिल हैं.
196 लीटर अवैध शराब बरामद
विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 196 लीटर अवैध शराब बरामद की. पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की. इसके अलावा अलग-अलग थाना क्षेत्रों से तीन दोपहिया वाहनों को जब्त किया गया.
71 हजार रुपये का जुर्माना वसूला
पुलिस की ओर से चलाये गये अभियान के दौरान विभिन्न मामलों में कार्रवाई करते हुए 71 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला गया. पुलिस के अनुसार, जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर लगातार सघन जांच और कार्रवाई की जा रही है.
फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी पर जोर
एसपी पुरन कुमार झा ने बताया कि जिले में अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा. फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी, लंबित वारंटों के निष्पादन, अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सभी थाना क्षेत्रों में लगातार कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर नियंत्रण के लिए पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











