सीवान के महाराजगंज में इस दिन चलेगा बुलडोजर अभियान, अवैध अतिक्रमण के खिलाफ होगी कार्रवाई

नगर पंचायत महाराजगंज
Siwan News: महाराजगंज नगर पंचायत क्षेत्र में हालिया बारिश के बाद जलजमाव की गंभीर समस्या सामने आने पर प्रशासन हरकत में आ गया है. प्रारंभिक जांच में नालों पर किए गए अवैध अतिक्रमण को इसका प्रमुख कारण माना गया है.
Siwan News: (सीवान से विवेक कुमार सिंह की रिपोर्ट)
महाराजगंज नगर पंचायत क्षेत्र में हालिया बारिश के बाद जलजमाव की गंभीर समस्या सामने आने पर प्रशासन हरकत में आ गया है. प्रारंभिक जांच में नालों पर किए गए अवैध अतिक्रमण को इसका प्रमुख कारण माना गया है. अब नगर पंचायत ने 9 और 10 जून को विशेष अभियान चलाकर नालों को अतिक्रमणमुक्त करने की तैयारी तेज कर दी है.
बारिश ने खोली शहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल
हाल ही में हुई बारिश के दौरान नगर क्षेत्र के कई मोहल्लों, बाजारों और प्रमुख सड़कों पर पानी जमा हो गया था. जल निकासी बाधित होने से लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. जांच में सामने आया कि नालों पर अवैध कब्जे और अतिक्रमण के कारण बारिश का पानी समय पर नहीं निकल सका.
दुकानदारों और गुमटी संचालकों पर प्रशासन की नजर
नगर पंचायत के अनुसार शहर के विभिन्न हिस्सों में कई दुकानदारों, फुटपाथ विक्रेताओं, गुमटी संचालकों और अन्य लोगों ने नालों को ढंककर या उन पर कब्जा कर लिया है. इससे नालों की सफाई प्रभावित हो रही है और जल निकासी व्यवस्था लगातार बाधित हो रही है.
अभियान के लिए मांगा गया पुलिस बल और दंडाधिकारी
नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. विपिन कुमार ने अनुमंडल पदाधिकारी महाराजगंज को पत्र भेजकर 9 और 10 जून को प्रस्तावित अतिक्रमण हटाओ अभियान के लिए दो दंडाधिकारी तथा 25 पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति का अनुरोध किया है. प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और कार्रवाई को प्रभावी बनाने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था जरूरी है.
इन प्रमुख मार्गों पर चलेगा विशेष अभियान
नगर पंचायत द्वारा तैयार कार्ययोजना के अनुसार जरती माई गेट से बाटा मोड़, शिव मंदिर होते हुए राजेंद्र चौक तक, राजेंद्र चौक से दिल्ली पब्लिक स्कूल तक तथा राजेंद्र चौक से नखास चौक होते हुए आरबीजीआर कॉलेज तक विशेष अभियान चलाया जाएगा. इसके अलावा अन्य चिन्हित स्थानों पर भी कार्रवाई की जाएगी, जहां जल निकासी में बाधा उत्पन्न हो रही है.
नालों से हटेंगे अवैध निर्माण और अस्थायी कब्जे
प्रस्तावित अभियान के दौरान अधिकारियों की निगरानी में नालों के ऊपर किए गए अवैध निर्माण, अस्थायी ढांचे और अन्य अतिक्रमणों को हटाया जाएगा. नगर पंचायत का मानना है कि बरसात के मौसम में जलजमाव से राहत दिलाने के लिए नालों का पूरी तरह अतिक्रमणमुक्त होना जरूरी है.
लंबे समय से उठ रही थी कार्रवाई की मांग
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि हर वर्ष बारिश के दौरान जलजमाव की समस्या विकराल रूप ले लेती है. इससे बाजारों और रिहायशी इलाकों में लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है. लोगों ने लंबे समय से नालों की सफाई और अतिक्रमण हटाने की मांग की थी.
ईओ ने लोगों से किया सहयोग का आह्वान
नगर पंचायत के ईओ डॉ. विपिन कुमार ने नागरिकों से सार्वजनिक नालों और जल निकासी मार्गों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण नहीं करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि शहर को जलजमाव की समस्या से स्थायी राहत दिलाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है और इसके सफल संचालन के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं.
Also Read: siwan news : चार जून को सीवान के मंदिरों में दर्शन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By साक्षी कुमारी
साक्षी कुमारी को डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 3 वर्षों का अनुभव है. पिछले तीन वर्षों से वह डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. उन्हें राजनीति, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सरोकारों और समसामयिक मुद्दों से जुड़ी खबरों की रिपोर्टिंग और लेखन का अनुभव है. बिहार की राजनीति और क्षेत्रीय मुद्दों पर उनकी विशेष रुचि है. डिजिटल पत्रकारिता के साथ-साथ उन्हें SEO (Search Engine Optimization) की भी अच्छी समझ है, जिससे वह पाठकों तक समय पर और प्रभावी ढंग से खबरें पहुंचाने में दक्ष हैं. तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार तैयार करना उनकी प्रमुख कार्यशैली है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










