सीवान के उस्ती स्कूल में छत का प्लास्टर गिरा, छात्रा गंभीर घायल, सदर अस्पताल रेफर

Updated:
विज्ञापन
घायल मासूम | Prabhat Khabar Network

घायल मासूम | Prabhat Khabar Network

दरौंदा प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय उस्ती में छत का प्लास्टर गिरने से एक छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई. उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया है. जर्जर भवन को लेकर ग्रामीणों में रोष है.

विज्ञापन

Siwan News: सीवान जिले के दरौंदा प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय उस्ती में शनिवार को वर्ग संचालन के दौरान छत का प्लास्टर टूटकर गिरने से एक छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई. हादसे के समय छात्रा कक्षा में पढ़ाई कर रही थी. अचानक छत का बड़ा हिस्सा टूटकर उसके सिर पर गिर गया, जिससे वह लहूलुहान हो गई. घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई.

सिर पर गिरा छत का मलबा

बताया गया कि शारधा कुमारी अन्य बच्चों के साथ कक्षा में पढ़ाई कर रही थी. इसी दौरान अचानक छत का एक बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया. मलबे की चपेट में आने से छात्रा के सिर में गंभीर चोट लगी. घटना के बाद विद्यालय प्रशासन और स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल बच्ची को इलाज के लिए दरौंदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया.

सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने छात्रा की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सीवान सदर अस्पताल रेफर कर दिया. घटना के बाद बच्ची के परिजन भी अस्पताल पहुंचे और उसकी स्थिति को लेकर चिंतित हैं.

जर्जर भवन को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश

हादसे के बाद उस्ती गांव के ग्रामीणों में शिक्षा विभाग और विद्यालय प्रशासन के खिलाफ आक्रोश है. ग्रामीणों का आरोप है कि स्कूल भवन की छत लंबे समय से जर्जर स्थिति में थी. इसकी जानकारी संबंधित अधिकारियों को कई बार दी गई थी, लेकिन समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई.

ग्रामीणों का सवाल है कि जब स्कूल भवन की स्थिति जर्जर थी, तो बच्चों को उस कमरे में बैठाकर पढ़ाई क्यों कराई जा रही थी. लोगों ने मामले की जांच कराने और लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है.

घायल छात्रा के मुफ्त इलाज की मांग

ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग और प्रशासन से घायल छात्रा का समुचित और मुफ्त इलाज कराने की मांग की है. साथ ही स्कूल भवन की तत्काल जांच कर जर्जर हिस्सों की मरम्मत कराने की मांग की गई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो.


विज्ञापन
रवींद्र गुप्ता

लेखक के बारे में

By रवींद्र गुप्ता

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन