सावन को लेकर सीवान के बाजारों में बढ़ी रौनक, 8 करोड़ से अधिक के कारोबार की उम्मीद

Updated:
विज्ञापन
फोटो :कपड़े की खरीदारी करते लोग | Prabhat Khabar Network

कपड़े की खरीदारी करते लोग

सावन को लेकर सीवान के बाजारों में रौनक बढ़ गयी है. गेरुआ वस्त्र, कांवर, पूजन सामग्री और फूल-माला की मांग बढ़ी है. कारोबारियों को 8 करोड़ से अधिक के कारोबार की उम्मीद है.

विज्ञापन

Siwan News: सावन माह की शुरुआत 30 जुलाई, गुरुवार से हो रही है. सावन को लेकर जिले के बाजारों में रौनक बढ़ गयी है और बाजार में चहल-पहल भी लगातार बढ़ रही है. श्रद्धालु बाबा भोलेनाथ को जल अर्पित करने की तैयारी में जुटे हैं, तो दूसरी ओर कारोबारी भी सावन में अच्छे कारोबार की उम्मीद लगाए बैठे हैं.

इस वर्ष सावन के महीने में जिले में आठ करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार होने का अनुमान कारोबारियों ने लगाया है. हालांकि, कारोबारियों का कहना है कि यदि मॉनसून चरम पर नहीं रहता तो बाजार में और तेजी आने की उम्मीद है. सावन को लेकर गेरुआ कपड़े, फल, मिठाई, पूजन सामग्री, फूल-माला और कांवर समेत अन्य सामानों की मांग बढ़ गयी है. वाहन कारोबारियों में भी उत्साह है.

जिले से प्रतिदिन दो से ढाई हजार से अधिक कांवरिये देवघर के लिए रवाना होते हैं. वहीं, अनुमान के मुताबिक प्रतिदिन करीब 100 लोग बनारस स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन के लिए जाते हैं. इसके अलावा गरीबनाथ, अजगैबीनाथ समेत अन्य शिव मंदिरों में भी श्रद्धालु जलार्पण के लिए पहुंचते हैं.

महेंद्रनाथ मंदिर में सोमवारी के दिन श्रद्धालुओं की संख्या 50 हजार से अधिक पहुंचने का अनुमान है. इसे लेकर बाजार के कारोबारियों को भी अच्छी बिक्री की उम्मीद है.

गेरुआ वस्त्रों की बढ़ी मांग

सावन को लेकर कपड़ा कारोबारियों को इस बार काफी उम्मीद है. कांवरिये देवघर जाने के दौरान गेरुआ वस्त्र पहनते हैं. इसके लिए गमछा, बनियान, जांघिया, हाफ पैंट और टी-शर्ट समेत अन्य कपड़ों की खरीदारी की जाती है.

कपड़ा कारोबारी अविनाश बर्नवाल ने बताया कि बाजार का मौजूदा मिजाज देखकर उम्मीद है कि इस बार पूरे सावन में श्रद्धालुओं की आवाजाही से कारोबार को अच्छी गति मिलेगी. उन्होंने बताया कि एक कांवरिये को कपड़ों की खरीदारी पर औसतन 1,500 से 1,700 रुपये तक खर्च करना पड़ सकता है.

कांवर की कीमत 400 से 500 रुपये तक

कांवर की कीमत सामान्य तौर पर 400 से 500 रुपये तक है. इसके अलावा प्लास्टिक का सांप, लोटा, हाफ पैंट, गमछा, शिवलिंग आदि सामान खरीदने पर 100 से 150 रुपये तक अतिरिक्त खर्च आता है. दुकानदारों के अनुसार, यदि प्रत्येक श्रद्धालु औसतन 400 से 500 रुपये की खरीदारी करता है तो सावन के दौरान करोड़ों रुपये का कारोबार होने की संभावना है.

दुकानदारों का कहना है कि गेरुआ वस्त्र और सावन से जुड़े कई सामान की बिक्री मुख्य रूप से इसी महीने होती है. सावन समाप्त होने के बाद इनकी मांग काफी कम हो जाती है. इसलिए दुकानदार भी जरूरत के अनुसार ही सामान मंगाते हैं.

मंदिरों का रंग-रोगन पूरा, बैरिकेडिंग अंतिम चरण में

इधर, जिले के विभिन्न शिव मंदिरों में सावन की पहली सोमवारी को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है. इसे लेकर मंदिर प्रबंधन की ओर से तैयारियां अंतिम चरण में हैं. मंदिरों के रंग-रोगन का काम पूरा हो चुका है.

बाबा महेंद्रनाथ और सोहागरा मंदिर में सोमवारी के दिन करीब 50 हजार श्रद्धालुओं के जलार्पण करने का अनुमान है. श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बांस-बल्ले से बैरिकेडिंग का काम भी अंतिम चरण में है.

कांवरिया सामग्री पर कितना खर्च

सामग्रीअनुमानित कीमत
दो हाफ पैंट₹400–500
जांघिया₹120
दो गंजी₹120–250
गमछा₹100–200
टी-शर्ट₹300–600
प्लास्टिक सामग्री₹80
कांवर₹500–700
थैला₹200

Also Read: वोटिंग से एक दिन पहले प्रशांत किशोर के खिलाफ FIR दर्ज, नीतीश कुमार के वीडियो को फर्जी बताना पड़ा भारी


विज्ञापन
पंकज कुमार

लेखक के बारे में

By पंकज कुमार

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन