दिल्ली में अमित शाह से मिले आदित्य साहू, झारखंड की राजनीतिक स्थिति और भर्ती घोटालों पर की चर्चा

Updated:
विज्ञापन
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से बातचीत करते झारखंड प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू (दाएं). फोटो: प्रभात खबर

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से बातचीत करते झारखंड प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू (दाएं). फोटो: प्रभात खबर

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर झारखंड की राजनीतिक स्थिति और संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा की. इस दौरान उन्होंने राज्य में भर्ती परीक्षाओं में हो रही अनियमितताओं को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए.

विज्ञापन


रांची से आनंद मोहन की रिपोर्ट

Aditya Sahu Meet to Amit Shah: भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की. इस दौरान झारखंड की वर्तमान राजनीतिक स्थिति, संगठनात्मक गतिविधियों और राज्य सरकार के खिलाफ पार्टी की ओर से चलाए जा रहे अभियानों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई. बैठक में आदित्य साहू ने गृह मंत्री को राज्य में चल रहे भाजपा के आंदोलनात्मक कार्यक्रमों की जानकारी दी. उन्होंने विशेष रूप से नियुक्ति घोटालों और भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर पार्टी की ओर से उठाए जा रहे मुद्दों को रखा. आदित्य साहू ने कहा कि गृह मंत्री से मुलाकात के दौरान उन्हें कई महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन प्राप्त हुआ.

भर्ती घोटालों को लेकर भाजपा का सरकार पर हमला

इससे पहले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कांग्रेस पर छात्रों और युवाओं के मुद्दों को लेकर दोहरी राजनीति करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक तरफ दिल्ली में छात्रों के मुद्दों को लेकर आवाज उठा रही है, लेकिन झारखंड में जेपीएससी, जेएसएससी सीजीएल समेत अन्य भर्ती परीक्षाओं में हुई गड़बड़ियों पर उसकी चुप्पी सवाल खड़े करती है. सांसद आदित्य साहू ने कहा कि झारखंड में युवाओं के भविष्य से जुड़े गंभीर मामलों पर कांग्रेस नेताओं की आवाज क्यों नहीं उठ रही है. उन्होंने उत्पाद सिपाही भर्ती दौड़ के दौरान हुई मौतों का भी जिक्र करते हुए कहा कि इस मामले पर भी कांग्रेस नेताओं ने कोई ठोस प्रतिक्रिया नहीं दी.

संसद भवन के बाहर भाजपा सांसदों ने किया प्रदर्शन

झारखंड भाजपा के सांसदों ने राज्य में भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी के खिलाफ संसद भवन के समक्ष प्रदर्शन किया. इस दौरान सांसदों ने हेमंत सोरेन सरकार और कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शन में आदित्य साहू के अलावा सांसद निशिकांत दुबे, बीडी राम, विद्युत वरण महतो, डॉ प्रदीप वर्मा, कालीचरण सिंह, ढुल्लू महतो और मनीष जायसवाल सहित अन्य नेता शामिल रहे. प्रदर्शन के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए आदित्य साहू ने कहा कि झारखंड में छात्रों और युवाओं के साथ लगातार अन्याय हो रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार भर्ती परीक्षाओं में हुई अनियमितताओं पर पर्दा डालने का प्रयास कर रही है.

सीबीआई जांच की मांग, सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

आदित्य साहू ने कहा कि पिछले छह वर्षों में हेमंत सोरेन सरकार के कार्यकाल में जितनी भी भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताएं हुई हैं और पेपर लीक के मामले सामने आए हैं, उन सभी की सीबीआई जांच होनी चाहिए. उन्होंने मांग की कि जांच के बाद जो भी दोषी पाए जाएं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और उन्हें जेल भेजा जाए. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि झामुमो सरकार सीआईडी जांच के माध्यम से इन मामलों को दबाने की कोशिश कर रही है.

कांग्रेस नेतृत्व को झारखंड आने की चुनौती

भाजपा नेता ने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस वास्तव में छात्रों और युवाओं के हितों को लेकर गंभीर है तो दिल्ली से पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी को झारखंड आना चाहिए. उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता कांग्रेस नेताओं से सवाल पूछना चाहती है कि राज्य में भर्ती परीक्षाओं को लेकर उनकी चुप्पी का कारण क्या है. उन्होंने कांग्रेस पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी को युवाओं के मुद्दों पर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए.

इसे भी पढ़ें: सेवानिवृत्त शिक्षक की पेंशन पर हाईकोर्ट का आदेश: 10 साल तक मिलेगी 90% पेंशन, फिर मिलेगा पूरा पैसा

संगठनात्मक मजबूती और आगामी रणनीति पर भी चर्चा

गृह मंत्री अमित शाह के साथ हुई मुलाकात को भाजपा के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है. बैठक में जहां राज्य की राजनीतिक परिस्थितियों पर चर्चा हुई, वहीं संगठन को मजबूत करने और सरकार के खिलाफ आंदोलन को धार देने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया. भाजपा आने वाले दिनों में नियुक्ति प्रक्रिया, कथित भ्रष्टाचार और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर राज्य सरकार पर दबाव बनाने की तैयारी में है. वहीं, सत्तारूढ़ दलों की ओर से इन आरोपों पर प्रतिक्रिया का इंतजार है.

इसे भी पढ़ें: झारखंड के प्रदूषण बोर्ड में कर्मचारियों का टोटा, एनजीटी ने जताई चिंता


विज्ञापन
कुमार विश्वत सेन

लेखक के बारे में

By कुमार विश्वत सेन

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola