सीवान-बड़हरिया रोड जलजमाव से बदहाल, सावन में बिंदुसार शिव मंदिर जानेवालों को होगी परेशानी

मुख्य सड़क पर बिंदुसार शिव मंदिर के समीप जलजमाव | Prabhat Khabar Network
सीवान के बिंदुसार शिव मंदिर के पास जलजमाव से सड़क बदहाल हो गई है। स्कूली बच्चों और मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, स्थानीय लोगों ने जांच की मांग की।
सीवान से विवेक कुमार सिंह की रिपोर्ट
सीवान शहर से बड़हरिया जाने वाली मुख्य सड़क पर बिंदुसार स्थित शिव मंदिर के समीप जलजमाव की समस्या दिनोंदिन गंभीर होती जा रही है. लगातार पानी जमा रहने से सड़क क्षतिग्रस्त हो चुकी है और लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर दिन हजारों राहगीर इस रास्ते से गुजरते हैं, लेकिन जलभराव के कारण उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. सबसे अधिक दिक्कत स्कूली बच्चों, मरीजों और उनके परिजनों को हो रही है. इस मार्ग पर शहर के कई निजी अस्पताल स्थित हैं. ऐसे में एंबुलेंस और मरीजों को अस्पताल पहुंचने में भी परेशानी होती है. लोगों का यह भी कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो स्थिति और गंभीर हो सकती है.
शिव मंदिर के समीप जलजमाव होने से सावन माह में पूजा-अर्चना के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को भी काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा. इस मामले को लेकर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं बिंदुसार बुजुर्ग पैक्स अध्यक्ष सुबास कुमार सिंह ने ग्रामीण कार्य विभाग, कार्य प्रमंडल सीवान-1 के कार्यपालक अभियंता को आवेदन सौंपकर सड़क निर्माण में अनियमितता का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा है कि एल-071 (बिंदुसार से पूरख टोला ट्रैक-17) योजना के तहत जिस स्थान पर सड़क निर्माण होना था, वहां कार्य नहीं कराया गया. इसके बजाय करीब एक किलोमीटर दूर पीसीसी सड़क बना दी गई, जबकि उस स्थान पर नगर परिषद पहले ही वर्ष 2025 में पीसीसी सड़क का निर्माण करा चुकी थी.
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि योजना का स्थान बदल देने से मूल समस्या का समाधान नहीं हो सका. शिव मंदिर के पास जलनिकासी की व्यवस्था नहीं बनने के कारण आज भी सड़क पर पानी जमा रहता है और लोगों को रोज परेशानी झेलनी पड़ रही है. उन्होंने विभागीय अभियंता की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है.
सुबास कुमार सिंह ने मांग की है कि योजना के क्रियान्वयन में मनमानी करने वाले संवेदक और संबंधित अभियंता के खिलाफ कार्रवाई की जाए. साथ ही मूल स्थल पर जल्द सड़क और जलनिकासी का कार्य कराकर लोगों को जलजमाव की समस्या से राहत दिलाई जाए.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










