DU के इस कॉलेज में शॉर्ट्स बैन, सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस

Updated:
विज्ञापन
DU के इस कॉलेज में शॉर्ट्स बैन, सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस

St Stephen's College का कैंपस

दिल्ली यूनिवर्सिटी के मशहूर सेंट स्टीफंस कॉलेज ने नए शैक्षणिक सत्र के लिए एक नया ड्रेस कोड लागू किया है. कॉलेज की ओर से जारी नोटिस में छात्रों के लिए कुछ जरूरी नियम बताए गए हैं. सबसे ज्यादा चर्चा उस नियम की हो रही है, जिसमें कैंपस के कई हिस्सों में शॉर्ट्स पहनने पर रोक लगा दी गई है.

विज्ञापन

सेंट स्टीफंस कॉलेज के इस फैसले के बाद सोशल मीडिया पर बहस भी शुरू हो गई है. कई लोग इसे अनुशासन बनाए रखने का कदम बता रहे हैं, जबकि कुछ छात्र इसे अपनी व्यक्तिगत पसंद में दखल मान रहे हैं. कॉलेज ने सभी छात्रों से इन नियमों का सख्ती से पालन करने को कहा है. नोटिस पर कॉलेज की प्रिंसिपल प्रोफेसर सुसान एलियास के हस्ताक्षर हैं.

किन जगहों पर शॉर्ट्स पहनने की अनुमति नहीं?

26 जुलाई को जारी "Campus Regulations & Guidelines" नोटिस के मुताबिक, छात्रों को क्लासरूम, ट्यूटोरियल रूम, लैब, कॉलेज चैपल, असेंबली हॉल, लाइब्रेरी और डाइनिंग हॉल में शॉर्ट्स पहनकर आने की अनुमति नहीं होगी.

सिर्फ ड्रेस कोड ही नहीं, ये नियम भी लागू

ANI की रिपोर्ट के अनुसार, कॉलेज ने ड्रेस कोड के अलावा कुछ और जरूरी निर्देश भी जारी किए हैं. नोटिस में साफ कहा गया है कि पूरा कैंपस स्मोक-फ्री जोन है. अगर कोई छात्र धूम्रपान करते हुए पाया जाता है तो उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है. इसके अलावा छात्रों से कैंपस को साफ रखने की अपील की गई है और कूड़ा हमेशा डस्टबिन में डालने को कहा गया है.

कॉलेज ने यह भी स्पष्ट किया है कि हर छात्र को अपना वैध कॉलेज आईडी कार्ड हमेशा साथ रखना होगा. जरूरत पड़ने पर डाइनिंग हॉल में प्रवेश से पहले भी आईडी कार्ड दिखाना पड़ सकता है.

सोशल मीडिया पर छिड़ी नई बहस

जैसे ही यह नोटिस सामने आया, सोशल मीडिया पर इसे लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं आने लगीं. कुछ लोगों का कहना है कि कॉलेज को अनुशासन और संस्थान की गरिमा बनाए रखने के लिए ऐसे नियम बनाने का अधिकार है.

वहीं कई छात्र और सोशल मीडिया यूजर्स का मानना है कि कपड़े पहनना व्यक्तिगत पसंद का मामला है और इस तरह की पाबंदियां जरूरी नहीं हैं. फिलहाल कॉलेज की ओर से इस मुद्दे पर कोई अतिरिक्त स्पष्टीकरण जारी नहीं किया गया है.

प्रिंसिपल की ओर से नहीं आया जवाब

इस ड्रेस कोड के पीछे की वजह जानने के लिए मीडिया ने कॉलेज की प्रिंसिपल प्रोफेसर सुसान एलियास से संपर्क करने की कोशिश की. हालांकि खबर लिखे जाने तक उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला. इसलिए यह साफ नहीं हो पाया है कि यह नियम पहले से लागू नीति का हिस्सा है या फिर नया बदलाव किया गया है.

पहले भी चर्चा में रहा है कॉलेज

सेंट स्टीफंस कॉलेज इससे पहले भी सुर्खियों में रह चुका है. इसी साल अप्रैल में दिल्ली यूनिवर्सिटी की एग्जीक्यूटिव काउंसिल ने असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती प्रक्रिया में अपनाए गए शॉर्टलिस्टिंग नियमों पर सवाल उठाए थे.

काउंसिल ने कॉलेज को नियुक्ति पत्र जारी करने से रोकने की सलाह दी थी और कहा था कि अपनाई गई प्रक्रिया विश्वविद्यालय के तय नियमों के अनुरूप नहीं थी. अब नए ड्रेस कोड को लेकर भी कॉलेज एक बार फिर चर्चा के केंद्र में आ गया है.

ये भी पढ़ें: DU UG Cut Off: St Stephens College के विज्ञान विषय का कटऑफ इतना हाई कि छूट जाएंगे पसीने, देखें अन्य Subjects का हाल


विज्ञापन
रवि मल्लिक

लेखक के बारे में

By रवि मल्लिक

रवि मल्लिक पिछले 7 सालों से डिजिटल पत्रकारिता से जुड़े हैं. स्कूली शिक्षा से लेकर नौकरी तक की खबरों पर काम करना पसंद है. युवाओं को बेहतर करियर ऑप्शन, करंट अफेयर्स और नई वैकेंसी के बारे में बताना अच्छा लगता है. बोर्ड परीक्षा हो या UPSC, JEE और NEET एग्जाम टॉपर्स से बात करना और उनकी स्ट्रेटजी के बारे में जानना पसंद है. युवाओं को प्रेरित करने के लिए उनके बीच के मुद्दों को उठाना और सही व सटीक जानकारी देना ही उनकी प्राथमिकता है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola