सीवान: हुसैनगंज में कब्रिस्तान की बाउंड्री टूटने से तनाव, पुलिस ने रातभर की निगरानी

हुसैनगंज के हरिहांस गांव में कब्रिस्तान की बाउंड्री तोड़े जाने के बाद तनाव, पुलिस ने की शांति की अपील, अज्ञात लोगों पर एफआईआर की तैयारी।
Siwan News: हुसैनगंज थाना क्षेत्र के हरिहांस गांव में बुधवार को कब्रिस्तान की बाउंड्री टूटने की घटना के बाद इलाके में तनाव की आशंका को देखते हुए पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया. पुलिस ने पूरी रात कब्रिस्तान के पास कैंप कर स्थिति पर नजर बनाये रखी. हालांकि, वर्तमान में क्षेत्र का माहौल शांतिपूर्ण बताया जा रहा है.
घटना के दूसरे दिन थाना प्रभारी मोहन प्रसाद की अध्यक्षता में सीओ सरफराज अहमद और बीडीओ राहुल कुमार की मौजूदगी में शांति समिति की बैठक बुलायी गयी. बैठक में दोनों पक्षों के लोगों के बीच मामले को लेकर चर्चा हुई, लेकिन कोई ठोस सहमति नहीं बन सकी.
साजिश की आशंका जता रहे ग्रामीण
स्थानीय लोगों ने कब्रिस्तान की बाउंड्री टूटने की घटना को लेकर कई तरह की आशंकाएं जतायी हैं. कुछ ग्रामीणों का कहना है कि यह किसी सुनियोजित साजिश का हिस्सा भी हो सकता है. हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस संबंध में किसी तरह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और घटना के सभी पहलुओं की जांच करने की बात कही है.
बैठक में शामिल ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कब्रिस्तान के आसपास का क्षेत्र कथित रूप से शराब बिक्री और नशेड़ियों के जमावड़े का स्थान बन गया है. ग्रामीणों ने आशंका जतायी कि नशेड़ी या असामाजिक तत्वों की गतिविधियों के कारण बाउंड्री को नुकसान पहुंचाया गया हो सकता है.
शराब बिक्री पर रोक लगाने की मांग
ग्रामीणों का आरोप है कि शाम के समय हरिहांस रौजा के आसपास शराबियों और नशेड़ियों का जमावड़ा रहता है. उन्होंने स्थानीय प्रशासन से असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई करने और अवैध शराब की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की.
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इस तरह की गतिविधियों पर रोक नहीं लगायी गयी, तो भविष्य में ऐसी घटनाओं से सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है.
अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी की तैयारी
कब्रिस्तान की बाउंड्री तोड़े जाने की घटना को लेकर स्थानीय लोगों की ओर से अज्ञात लोगों के खिलाफ थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है. ग्रामीणों ने पुलिस से घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की पहचान करने और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
पुलिस ने की शांति बनाए रखने की अपील
थाना प्रभारी मोहन प्रसाद ने शांति समिति की बैठक में मौजूद लोगों से संयम बरतने और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की. उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति और सामाजिक सौहार्द बनाये रखना सभी की जिम्मेदारी है.
उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करेगी और दोषी पाये जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जायेगी. पुलिस की निगरानी के बीच फिलहाल क्षेत्र में स्थिति शांतिपूर्ण बनी हुई है.
Also Read : VIDEO : बांकीपुर में वोटिंग के बीच प्रशांत किशोर पर क्या-क्या कह रहे सत्ताधारी नेता, एक जगह देखिए
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










