सीवान के मैरवा में मुआवजे को लेकर किसानों ने रोका रामजानकी मार्ग का निर्माण, डीएम-एसपी पहुंचे मौके पर

Updated:
विज्ञापन
बभनौली में डीयम ने किसानों से वार्ता करते  हुए | Prabhat Khabar Network

बभनौली में डीयम ने किसानों से वार्ता करते हुए

मैरवा के बभनौली में रामजानकी मार्ग निर्माण को लेकर किसानों ने विरोध जताया। डीएम और एसपी ने मौके पर पहुंचकर बातचीत की और लंबित मुआवजा एक सप्ताह में दिलाने का आश्वासन दिया।

विज्ञापन

Siwan News: मैरवा थाना क्षेत्र के बभनौली में रामजानकी मार्ग के निर्माण कार्य को मुआवजे की मांग को लेकर किसानों द्वारा रोके जाने की सूचना पर जिला पदाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय और पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने किसानों से बातचीत कर निर्माण कार्य नहीं रोकने की अपील की. हालांकि, किसान अपनी मांग पर अड़े रहे और उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक बकाया मुआवजे की राशि उनके खातों में नहीं पहुंच जाती, तब तक निर्माण कार्य नहीं होने दिया जायेगा.

डीएम ने एक सप्ताह में भुगतान का दिया भरोसा

डीएम ने किसानों को आश्वस्त किया कि जिन किसानों की भूमि का मुआवजा अभी तक लंबित है, उनके भुगतान की प्रक्रिया को तेज किया जायेगा. उन्होंने एक सप्ताह के भीतर मुआवजा दिलाने का प्रयास करने का भरोसा दिया.

डीएम ने कहा कि प्रशासन किसानों के हितों के प्रति गंभीर है. किसी भी पात्र किसान के साथ अन्याय नहीं होने दिया जायेगा. उन्होंने किसानों से प्रशासन पर भरोसा रखते हुए निर्माण कार्य में बाधा नहीं डालने की अपील की.

‘पहले मुआवजा, फिर निर्माण’ पर अड़े किसान

प्रशासन के आश्वासन के बावजूद किसानों ने तत्काल निर्माण कार्य शुरू कराने पर सहमति नहीं जतायी. किसानों का कहना था कि उन्हें आश्वासन नहीं, बल्कि बकाया मुआवजे की राशि चाहिए. जब तक मुआवजा उनके बैंक खाते में नहीं पहुंच जाता, तब तक निर्माण कार्य नहीं कराया जाना चाहिए.

किसानों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वे ‘पहले मुआवजा, फिर निर्माण’ के सिद्धांत पर कायम हैं.

बकाश्त भूमि के मुआवजे का भुगतान लंबित

बताया जाता है कि रामजानकी मार्ग परियोजना के लिए जिन रैयती भूमि का अधिग्रहण किया गया था, उनमें अधिकांश किसानों को मुआवजे का भुगतान किया जा चुका है. वहीं, बकाश्त भूमि के मुआवजे का भुगतान अब भी लंबित है. इसी को लेकर प्रभावित किसानों में नाराजगी है.

किसानों का कहना है कि भूमि अधिग्रहण के बाद निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है, लेकिन बकाश्त भूमि का मुआवजा अब तक नहीं मिला है. इसी मांग को लेकर किसानों ने निर्माण कार्य रोक दिया और प्रशासन से लंबित राशि का तत्काल भुगतान कराने की मांग की.

अधिकारियों की मौजूदगी में हुई वार्ता

मौके पर प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस बल की मौजूदगी में किसानों के साथ वार्ता हुई. प्रशासन की ओर से किसानों को समझाने और निर्माण कार्य जारी रखने के लिए मनाने का प्रयास किया गया. वहीं, किसान अपनी मांग पर कायम रहे.

फिलहाल प्रशासन और किसानों के बीच बातचीत जारी है. अधिकारियों ने लंबित मुआवजे के भुगतान की प्रक्रिया में तेजी लाने का भरोसा दिया है, जबकि किसान राशि खाते में आने के बाद ही निर्माण कार्य शुरू करने की बात कह रहे हैं.

Also Read : VIDEO : बांकीपुर में वोटिंग के बीच प्रशांत किशोर पर क्या-क्या कह रहे सत्ताधारी नेता, एक जगह देखिए


विज्ञापन
राजन कुमार

लेखक के बारे में

By राजन कुमार

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन