सीवान के मुकेश श्रीवास्तव हत्याकांड में त्वरित कार्रवाई की मांग, कायस्थ पार्टी ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

डीएम को ज्ञापन सौपते कायस्थ समाज के लोग
सीवान में मुकेश श्रीवास्तव की हत्या के बाद कायस्थ पार्टी ने डीएम को ज्ञापन सौंपकर पीड़ित परिवार के लिए न्याय और आर्थिक सहायता की मांग की है।
सीवान:आंदर थाना क्षेत्र के खेड़ाय गांव निवासी मुकेश श्रीवास्तव की हत्या के मामले में त्वरित कार्रवाई और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग को लेकर मंगलवार को कायस्थ पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय से मुलाकात की. प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व पार्टी के राष्ट्रीय सचिव दीपेंद्र किशोर सिन्हा एवं जिलाध्यक्ष नवेंदु शेखर दीपक ने किया.
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपते हुए बताया कि मुकेश श्रीवास्तव की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी. प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया.
पीड़ित परिवार को दो लाख रुपये सहायता की मांग
ज्ञापन में सरकार से पीड़ित परिवार को तत्काल ₹2 लाख की आर्थिक सहायता देने की मांग की गयी. इसके अलावा मृतक के बच्चों की शिक्षा का पूरा खर्च सरकार द्वारा वहन करने, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने तथा हत्याकांड में शामिल आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की गयी.
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि घटना से परिवार के सामने गंभीर आर्थिक और सामाजिक संकट उत्पन्न हो गया है. ऐसे में सरकार को पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता उपलब्ध करानी चाहिए.
डीएम ने दिया हरसंभव सहायता का आश्वासन
जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने प्रतिनिधिमंडल की बात सुनी और घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त की. उन्होंने अपने स्तर से हरसंभव सहायता करने तथा शासन स्तर पर भी आवश्यक सहयोग दिलाने का आश्वासन दिया.
मौके पर प्रतिनिधिमंडल में नवीन चंद्रा, सुधीर कुमार वर्मा, रविशंकर सिंह, ओम पाठक, सार्थक एवं प्रियांशु वर्मा सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










