सीवान के बलहा एराजी पंचायत में एक करोड़ से अधिक की कथित वित्तीय अनियमितता का आरोप, जांच की मांग
भगवानपुर हाट प्रखंड
बलहा एराजी पंचायत में मनरेगा और जल-जीवन-हरियाली योजनाओं में ₹1 करोड़ से अधिक की वित्तीय अनियमितता का आरोप लगा है. स्थानीय निवासी संजय प्रसाद ने बीडीओ से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
Financial Irregularities: भगवानपुर हाट प्रखंड के ग्राम पंचायत राज बलहा एराजी में मनरेगा, जल-जीवन-हरियाली सहित विभिन्न विकास योजनाओं में वर्ष 2022-23 से वर्ष 2026 तक एक करोड़ रुपये से अधिक की कथित वित्तीय अनियमितता का आरोप लगाया गया है. इस संबंध में पंचायत के सहसा गांव निवासी संजय प्रसाद ने प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) प्रियंका कुमारी को आवेदन देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है.
आवेदन में पंचायत की मुखिया पम्पी कुमारी, भौसूर अवधेश पाण्डेय, पंचायत रोजगार सेवक (पीआरएस) धर्मेंद्र कुमार सहित अन्य संबंधित कर्मियों पर सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में बड़े पैमाने पर अनियमितता बरतने का आरोप लगाया गया है.
मनरेगा के कार्यों में गड़बड़ी का आरोप
आवेदक का आरोप है कि मनरेगा के तहत वृक्षारोपण, सड़क पर मिट्टी भराई, पोखरा खुदाई सहित अन्य विकास कार्यों के नाम पर सरकारी राशि की निकासी की गयी, जबकि कई कार्य धरातल पर नहीं कराये गये. आरोप लगाया गया है कि वृक्षारोपण का कार्य सिर्फ कागजों पर दिखाया गया और लगाए गये पौधों का मौके पर वास्तविक अस्तित्व नहीं है.
इसी तरह कई पोखरों की खुदाई के नाम पर भुगतान किये जाने का आरोप है, जबकि स्थल पर संबंधित पोखरे मौजूद नहीं हैं. आवेदन में एक ही कार्य या पौधारोपण योजना में कई लोगों के नाम पर मजदूरी भुगतान दिखाकर सरकारी राशि के गबन का भी आरोप लगाया गया है.
जल-जीवन-हरियाली योजना में भी अनियमितता का आरोप
आवेदन में जल-जीवन-हरियाली योजना के अंतर्गत जीविकोपार्जन एवं अन्य कार्यों में भी अनियमितता का आरोप लगाया गया है. आवेदक का कहना है कि योजनाओं के नाम पर राशि की निकासी कर ली गयी, लेकिन संबंधित कार्यों का वास्तविक लाभ आम लोगों को नहीं मिला.
संजय प्रसाद ने बीडीओ से पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने, योजनाओं की स्थल जांच कराने तथा जांच में दोषी पाए जाने वाले जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित कर्मियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है.
बीडीओ ने कहा- जांच का विषय, अभी कुछ नहीं कहूंगी
इस संबंध में बीडीओ प्रियंका कुमारी ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है. उन्होंने कहा कि आज ही आवेदन प्राप्त हुआ है. अभी इस मामले में कुछ नहीं कहूंगी, यह जांच का विषय है.
वहीं, पीआरएस धर्मेंद्र कुमार ने आरोपों को बेबुनियाद बताया है. उन्होंने कहा कि लगाए गये सभी आरोप गलत हैं.
इसे भी पढ़ें:18 अगस्त से पटना में आमरण अनशन करेंगे छात्र, TRE-4, शिक्षा मंत्री का इस्तीफा समेत कई हैं मांगें
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










