बसंतपुर के रेस्टोरेंट में नाबालिग लड़की मिलने की सूचना पर हंगामा, पुलिस ने संभाला मोर्चा

Author Amarnath Sharma|Edited by Yuvraj Ratan
Updated:
विज्ञापन
बसंतपुर रेस्टोरेंट में हंगामे की पूरी कहानी

बीच बचाव करती पुलिस

Siwan News : बसंतपुर बाजार में गुरुवार शाम एक रेस्टोरेंट में नाबालिग लड़की के होने की सूचना से जमकर हंगामा हो गया. दोनों पक्षों में हाथापाई और ईंट-पत्थरबाजी के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया. घटना की जांच जारी है.

विज्ञापन

Siwan News : जिले के बसंतपुर बाजार में गुरुवार शाम करीब पांच बजे एक रेस्टोरेंट में नाबालिग लड़की होने की सूचना पर जमकर हंगामा हो गया. देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और विवाद इतना बढ़ गया कि हाथापाई, धक्का-मुक्की और ईंट-पत्थरबाजी शुरू हो गई. स्थिति बिगड़ने पर बसंतपुर थाना पुलिस को मौके पर पहुंचकर हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को नियंत्रित करना पड़ा.

परिजनों के पहुंचते ही बढ़ा विवाद

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक लड़की के रेस्टोरेंट में होने की जानकारी उसके परिजनों को मिली. इसके बाद परिजन रेस्टोरेंट पहुंचे और संचालक से लड़की के बारे में पूछताछ करने लगे. आरोप है कि संचालक ने पहले लड़की के अंदर होने से इनकार कर दिया. इस पर परिजन रेस्टोरेंट के बाहर ही डटे रहे और डायल-112 पर पुलिस को सूचना दे दी. कुछ देर बाद जब लड़की रेस्टोरेंट से बाहर निकली तो दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया.

ईंट-पत्थरबाजी से बाजार में मची अफरा-तफरी

विवाद देखते ही देखते मारपीट और ईंट-पत्थरबाजी में बदल गया. बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कई दुकानदारों ने एहतियात के तौर पर अपनी दुकानें बंद कर दीं. सूचना मिलते ही बसंतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने पहले दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति नहीं संभलने पर हल्का लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया. काफी मशक्कत के बाद हालात सामान्य हुए.

लड़की समेत संबंधित लोगों से हुई पूछताछ

स्थिति नियंत्रित होने के बाद पुलिस लड़की, उसके परिजनों और अन्य संबंधित लोगों को पूछताछ के लिए थाना ले गई. फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है.

स्थानीय लोगों ने उठाए सवाल

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि बसंतपुर बाजार के कुछ रेस्टोरेंटों में कथित रूप से संदिग्ध गतिविधियां संचालित होती हैं, जिसके कारण इस तरह के विवाद सामने आते रहते हैं. लोगों ने प्रशासन से ऐसे प्रतिष्ठानों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है.

थानाध्यक्ष बोले- सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही भ्रामक बातें

बसंतपुर थाना अध्यक्ष अमित राम ने बताया कि घटना को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की भ्रामक बातें फैलाई जा रही हैं. प्रारंभिक जांच में किसी बड़े आपराधिक मामले की पुष्टि नहीं हुई है. उन्होंने बताया कि संबंधित नाबालिग लड़की रेस्टोरेंट में खाना खाने गई थी. लड़की और रेस्टोरेंट संचालक का घर एक ही गांव में पास-पास है तथा दोनों परिवार एक-दूसरे को पहले से जानते हैं. किसी व्यक्ति ने लड़की के रेस्टोरेंट में होने की सूचना उसके परिजनों को दे दी, जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे और हंगामा शुरू हो गया.

आवेदन मिलने के बाद होगी आगे की कार्रवाई

थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस ने समय रहते मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित कर लिया. फिलहाल मामले की जांच जारी है. अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से थाने में लिखित आवेदन नहीं दिया गया है. आवेदन मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Also Read : मालदा बीएसएफ कैंप में जवान की फायरिंग में सारण के हवलदार की मौत, गांव में पसरा मातम



विज्ञापन
Amarnath Sharma

लेखक के बारे में

By Amarnath Sharma

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन