बिहार बंद के दौरान पुलिस कार्रवाई के विरोध में सीवान में कांग्रेस ने निकाला कैंडल मार्च

Updated:
विज्ञापन
कैंडल मार्च में शामिल कांग्रेस कार्यकर्ता

कैंडल मार्च में शामिल कांग्रेस कार्यकर्ता

Siwan News : बिहार बंद के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस ने शहर में कैंडल मार्च निकाला. कांग्रेस नेताओं ने छात्रों पर गोली चलाने की घटना को शर्मनाक बताते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की.

विज्ञापन

Siwan News : बिहार बंद के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस ने शनिवार को राष्ट्रव्यापी आह्वान के तहत शहर में कैंडल मार्च निकाला. कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पुलिस कार्रवाई तथा कथित बर्बरता के खिलाफ विरोध जताते हुए दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की. कैंडल मार्च बबुनिया मोड़ से शुरू होकर डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा तक पहुंचा, जहां पहुंचने के बाद सभा का आयोजन किया गया. इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक अधिकारों और छात्रों के समर्थन में आवाज उठाई.

छात्रों पर गोली चलाने की घटना को बताया शर्मनाक

सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस विधायक दल के पूर्व नेता शकील अहमद खान ने कहा कि छात्रों पर गोली चलाने की घटना बेहद शर्मनाक है. उन्होंने मुख्यमंत्री से मामले में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की. उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांग रखने वाले छात्रों के साथ इस तरह की कार्रवाई स्वीकार नहीं की जा सकती.

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को बताया छात्रों की जीत

कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुशील कुमार ने कहा कि आंदोलन के दौरान पूरे देश में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठी थी. उन्होंने कहा कि उनका इस्तीफा काफी पहले आ जाना चाहिए था. उन्होंने इसे सरकार की जवाबदेही की शुरुआत बताते हुए कहा कि छात्र आंदोलन एक बड़ी जीत है और युवाओं की आवाज को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता.

पुलिसकर्मियों और उपद्रवियों पर कार्रवाई की मांग

कांग्रेस नेता अमर आजाद ने छात्रों पर गोली चलाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की. उन्होंने कहा कि आंदोलन में घुसकर माहौल बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. वहीं किसान कांग्रेस के प्रदेश महासचिव अशोक कुमार सिंह ने कहा कि आंदोलन के दौरान पुलिस का बर्बर चेहरा पूरे देश ने देखा है. उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक तरीके से सवाल उठाने और आंदोलन करने वालों के साथ अपराधियों जैसा व्यवहार किया जा रहा है.

बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता रहे मौजूद

कैंडल मार्च और सभा के दौरान कांग्रेस के प्रदेश प्रतिनिधि डॉ. के. एहतेशाम अहमद, अजय पासवान, जिला उपाध्यक्ष शशि कुमार, राधेश्याम शर्मा, सेराज अहमद, अमित कुशवाहा, आशुतोष कुमार, छोटन सिंह, मनुल कुमार मिश्रा समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे.

Also Read : Internet Ban : सीवान में अगले आदेश तक इंटरनेट बंद, हिंसा के बाद प्रशासन का फैसला



विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन