Internet Ban : सीवान में अगले आदेश तक इंटरनेट बंद, हिंसा के बाद प्रशासन का फैसला
सांकेतिक तस्वीर
सीवान में नीट परीक्षा से जुड़े विवाद के बाद शनिवार को हुए प्रदर्शन में हिंसा भड़कने के बाद जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है. अगले आदेश तक जिले में इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है. यह निर्णय अफवाहों को फैलने से रोकने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लिया गया है.
सीवान से अमरनाथ शर्मा की रिपोर्ट Siwan News : सीवान में नीट परीक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर शनिवार को हुए धरना-प्रदर्शन के दौरान हिंसा और तनाव की स्थिति के बाद जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लेते हुए जिले में अगले आदेश तक इंटरनेट सेवा बंद कर दी है. इस संबंध में पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने इंटरनेट सेवा निलंबित किए जाने की पुष्टि की है.
Siwan Internet Ban : प्रदर्शन के दौरान बिगड़े हालात
जानकारी के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हुई, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित हुई. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने तत्काल अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की और संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी.
अफवाहों पर रोक के लिए इंटरनेट सेवा बंद
जिला प्रशासन का कहना है कि सोशल मीडिया और अन्य ऑनलाइन माध्यमों से भ्रामक सूचनाएं तेजी से फैल सकती हैं, जिससे माहौल और बिगड़ने की आशंका रहती है. इसी को देखते हुए एहतियातन जिले में इंटरनेट सेवाएं अगले आदेश तक बंद रखने का निर्णय लिया गया है.
प्रशासन ने लोगों से की सहयोग की अपील
एसपी पूरन कुमार झा ने बताया कि जिले की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है. पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क हैं तथा शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं. उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी अपुष्ट जानकारी को साझा नहीं करने की अपील की है.
स्थिति सामान्य होने पर होगी बहाली
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि हालात सामान्य होने और सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के बाद ही इंटरनेट सेवा बहाल करने पर निर्णय लिया जाएगा. तब तक लोगों से संयम बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए