सीवान में महावीरी झंडा मेले का भव्य आगाज, जय श्रीराम के जयघोष से गूंजा परिसर; कुश्ती में पहलवानों ने दिखाया दम
फोटो-मेला का लिप प्रज्ज्वलित कर उद्घाटन करते सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, विधायक हेमनारायण साह व अन्य | Prabhat Khabar Network
महाराजगंज के जगदीशपुर में महावीरी झंडा मेले का रंगारंग शुभारंभ हुआ। सांसद और विधायक ने दीप प्रज्वलित कर मेले का उद्घाटन किया, कुश्ती प्रतियोगिता का हुआ आयोजन।
Siwan News : अनुमंडल मुख्यालय के नगर पंचायत क्षेत्र स्थित सामूहिक सेवा केंद्र संकट मोचन द्वार जगदीशपुर में मंगलवार को महावीरी झंडा मेले की भव्य शुरुआत हुई. मेले का उद्घाटन स्थानीय सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल और विधायक हेम नारायण साह समेत जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा नेताओं ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. उद्घाटन के साथ ही पूरा मेला परिसर बजरंगबली के जयघोष से गूंज उठा.
वैदिक विधि-विधान से हुई बजरंगबली की पूजा
मेले की शुरुआत आचार्य सुरेंद्र तिवारी, आचार्य अभय तिवारी और विप्र मंडली द्वारा वैदिक विधि-विधान से बजरंगबली की पूजा-अर्चना के साथ करायी गयी. सांसद और विधायक के नेतृत्व में पूजा संपन्न होने के बाद श्रद्धालुओं ने जयकारे लगाए. सांसद ने मंच से जय श्रीराम का जयघोष भी किया.
देवरिया के कलाकारों की झांकियों ने मोहा मन
मेले में उत्तर प्रदेश के देवरिया से पहुंचे कलाकारों ने विभिन्न देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां प्रस्तुत कीं. कलाकारों की जीवंत प्रस्तुति देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे. झांकियों ने दर्शकों का ध्यान खींचा और लोगों ने कलाकारों की प्रस्तुति की जमकर सराहना की.
सांसद बोले- मेला अनेकता में एकता का प्रतीक
सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने कहा कि मेला अनेकता में एकता का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि आगामी मौनिया बाबा मेले के वास्तविक स्वरूप और परंपरा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा. नियम-कानून अश्लीलता और अपराध रोकने के लिए हैं, परंपराओं और संस्कृति पर कोई नियम-कानून थोपा नहीं जा सकता.
विधायक ने कहा- संस्कृति की धरोहर है मेला
विधायक हेम नारायण साह ने कहा कि मेला हमारी संस्कृति की धरोहर है. मेले के आयोजन को लेकर बेवजह सख्ती ठीक नहीं है. उन्होंने इसे परंपराओं की अनदेखी बताया और कहा कि ऐसे आयोजनों से स्थानीय संस्कृति और परंपरा जीवंत रहती है.
पुरुष और महिला पहलवानों ने दिखाया दमखम
मेले के अवसर पर पुरुष और महिला कुश्ती प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया. सांसद और विधायक ने पहलवानों से हाथ मिलाकर कुश्ती प्रतियोगिता का शुभारंभ कराया. अखाड़े में पहलवानों ने दांव-पेच का शानदार प्रदर्शन किया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे.
पहलवानों को अंगवस्त्र और नगद पुरस्कार से किया सम्मानित
कुश्ती प्रतियोगिता के बाद सांसद और विधायक ने बेहतर प्रदर्शन करने वाले पहलवानों को अंगवस्त्र और नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया. इस दौरान दर्शकों ने पहलवानों का उत्साह बढ़ाया.
दो दशक से निभायी जा रही मेले की परंपरा
मेले के मुख्य आयोजक अमरजीत सिंह ने बताया कि महावीरी झंडा मेले की शुरुआत करीब दो दशक पहले हनुमान मंदिर के निर्माण के साथ शिवजी सिंह द्वारा की गयी थी. तभी से ग्रामीणों के सहयोग से इस परंपरा का लगातार निर्वहन किया जा रहा है.
उद्घाटन समारोह में कई लोग रहे मौजूद
मौके पर भाजपा पूर्वी जिलाध्यक्ष रंजीत कुमार, नगर मंडल अध्यक्ष अमरजीत सिंह, मंडल अध्यक्ष चंदन कुमार, भाजपा जिला मंत्री अवधेश पांडेय, प्रवक्ता दिलीप कुमार सिंह, भाजपा नेता धर्मराज कसेरा, संजय सिंह राजपूत समेत नेमटू सिंह, इंशाद आलम उर्फ कैश, नवीन पांडेय, राहुल सिंह, शैलू यादव, छोटन श्रीवास्तव, पंकज सिंह, एलबी सिंह, विजय ठाकुर, प्रकाश यादव, डब्ल्यू सिंह, मो. आरिफ, संतोष सिंह, भानु प्रताप सिंह, सुमन तिवारी, गुड्डू सिंह, मोनू सिंह, सोनू सिंह, मोनू मंसूरी, प्रकाश सिंह, मनोज यादव सहित कई लोग मौजूद रहे.



आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए