ePaper

शहाबुद्दीन की 11 साल बाद कल रिहाई, पांच सौ वाहनों के काफिले के साथ चलेंगे पूर्व सांसद

Updated at : 09 Sep 2016 4:10 AM (IST)
विज्ञापन
शहाबुद्दीन की 11 साल बाद कल रिहाई, पांच सौ वाहनों के काफिले के साथ चलेंगे पूर्व सांसद

सीवान : पूर्व सांसद मो. शहाबुद्दीन के राजीव रोशन हत्याकांड में पटना हाइकोर्ट से जमानत मिलने के बाद अब शनिवार को भागलपुर केंद्रीय कारागार से बाहर आना तय माना जा रहा है. ऐसे में राजद कार्यकर्ता उनके स्वागत को ऐतिहासिक बनाने में जुट गये हैं. इसकी तैयारी को लेकर गुरुवार को संगठन द्वारा पार्टी पदाधिकारियों […]

विज्ञापन

सीवान : पूर्व सांसद मो. शहाबुद्दीन के राजीव रोशन हत्याकांड में पटना हाइकोर्ट से जमानत मिलने के बाद अब शनिवार को भागलपुर केंद्रीय कारागार से बाहर आना तय माना जा रहा है. ऐसे में राजद कार्यकर्ता उनके स्वागत को ऐतिहासिक बनाने में जुट गये हैं.

इसकी तैयारी को लेकर गुरुवार को संगठन द्वारा पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को जिम्मेवारी दी गयी. तकरीबन एक दशक से अधिक वक्त तक विभिन्न मामलों में जेल में बंद रहने के बाद पूर्व सांसद मो. शहाबुद्दीन के बाहर आने की सूचना के बाद से ही उनके समर्थक व राजद कार्यकर्ताओं में उत्साह है. इसका एहसास समर्थकों ने जिले भर में जगह-जगह आतिशबाजी कर कराया. अब उनके आगमन पर ऐतिहासिक स्वागत की तैयारी करने में कार्यकर्ता जुटे हैं. पूर्व सांसद को जमानत मिलने पर हर कोई काफी हर्ष व्यक्त कर रहा है़
भागलपुर जेल पहुंचा बेल बांड
पटना हाइकोर्ट से बुधवार को पूर्व सांसद मो. शहाबुद्दीन के राजीव रोशन हत्याकांड में जमानत मिलने के बाद अब आवश्यक कार्रवाई शुरू हो गयी है. इसके तहत बेल बांड लेकर केंद्रीय कारागार, भागलपुर पूर्व सांसद के अधिवक्ता पहुंचे. वहां उनके निशान लेने के बाद अब वे सीवान के लिए रवाना हो गये. उनके द्वारा विशेष न्यायिक दंडाधिकारी एमके श्रीवास्तव के कोर्ट में शुक्रवार को बेल बांड पेश किया जायेगा. यहां कोर्ट से आदेश जारी होने के बाद उसकी प्रति लेकर देर शाम भागलपुर कारागार पहुंचेंगे. ऐसे में शनिवार की सुबह पूर्व सांसद मो. शहाबुद्दीन के भागलपुर जेल से बाहर आना तय माना जा रहा है.
पांच सौ वाहनों के काफिले के साथ चलेंगे पूर्व सांसद
भागलपुर केंद्रीय कारागार से ही वाहनों का काफिला एक साथ मो. शहाबुद्दीन के साथ चलेगा. इसकी तैयारी की जानकारी राजद जिलाध्यक्ष परमात्मा राम ने दी. उन्होंने स्वागत की तैयारी की जानकारी देते हुए कहा कि सीवान से पांच सौ गाड़ियां भागलपुर जायेंगी. वहां से जुलूस के शक्ल में वे निकलेंगे. जिले में आगमन पर सर्वप्रथम मलमलिया में स्वागत किया जायेगा. यहां मलमलिया से लेकर बसंतपुर, शहरकोला, अफराद, तरवारा समेत अन्य स्थानों पर तोरणद्वार भी बनाये जा रहे हैं. पूर्व सांसद का काफिला सीवान होकर सीधे हुसैनगंज प्रखंड के प्रतापपुर स्थित पैतृक गांव तक पहुंचेगा.
जश्न में डूबा रहा राजद का व्हाइट हाउस

सीवान. पूर्व सांसद मो. शहाबुद्दीन के जेल से बाहर की उम्मीद में स्वागत में राजद की पूरी टीम जुट गयी है. गुरुवार को राजद का जिला कार्यालय व्हाइट हाउस जश्न में डूबा रहा. यहां काफी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं के बीच मिठाइयां बांटी गयीं. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि पूर्व सांसद का जिले में आगमन पर ऐतिहासिक स्वागत किया जायेगा. जिला मीडिया प्रभारी उमेश कुमार, अली हुसैन, राजेंद्र कुमार, लीलावती गिरि, प्रमोद कुमार, मो. शना, परवेज आलम, संदीप कुशवाहा प्रमुख रूप से मौजूद रहे.

इसलामिया कॉलेज के शिक्षक संघ के सचिव डाॅ रसीद सिब्बली व अध्यक्ष नाजिर आलम के नेतृत्व में शिक्षकों के बीच मिठाइयां बांटी गयीं. नगर के डीएवी महाविद्यालय में छात्र नेता अफजल इकबाल सना के नेतृत्व में छात्रों ने पूरे कॉलेज का
भ्रमण कर पूर्व सांसद शहाबुद्दीन को जमानत मिलने पर मिठाइयां बांटी और एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाया. साथ ही आतीशबाजी भी की गयी. मौके पर जूमन, संदीप, मोनू पांडेय, विकास, मो. आरिफ, अशीष शर्मा उपस्थित रहे.

हमारे बड़हरिया संवाददाता के अनुसार मुख्यालय में राजद नेता एतेशामुलहक सिद्दीकी व अधिवक्ता मो. मोबीन के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांटीं. मौके पर राजकिशोर यादव, जलालुद्दीन उपस्थित थे. भगवानपुर हाट संवाददाता के अनुसार, जिला पार्षद सदस्य सुशील कुमार डब्लू के नेतृत्व में भगवानपुर बाजार में मिठाई बांटी गयी. वहीं, जमानत मिलने पर खुशी का इजहार किया गया. मौके पर श्रीराम राय, संतोष कुमार महतो उपस्थित रहे.

जीरादेई संवाददाता के अनुसार : प्रखंड मुख्यालय पर गुरुवार को राजद कार्यकर्ताओं की बैठक राजद अध्यक्ष हरेंद्र सिंह पटेल की अध्यक्षता में आयोजित की गयी. मौके पर मुखिया नागेंद्र सिंह, सैइयद इकबाल, रामनाथ यादव, रामानंद यादव, डब्लू यादव, नंद लाल कुशवाहा, अजीत सिंह, विनोद यादव, राजकुमार पासी, नंदजी यादव, बलिस्टर यादव, हरेराम यादव, उमेश राम, मुकेश मद्देसिया, क्यूम अंसारी, नवाब अंसारी, संजय यादव उपस्थित रहे.

रघुनाथपुर संवाददाता के अनुसार : स्था नीय बाजार में प्रखंड अध्यक्ष राजकिशोर यादव के नेतृत्व में पटाखा फोड़ कर खुशी का इजहार किया गया और मिठाई का वितरण किया गया. मौके पर योगेंद्र भगत, सुरेंद्र सिंह, यादव लाल साह, हरियासखान, खुर्शेद अंसारी, फिरोज अंसारी, राजेंद्र सिंह उपस्थित थे.

हुसैनगंज संवाददाता के अनुसार : राजद प्रखंड अध्यक्ष धनंजय कुशवाहा के नेतृत्व में आतिशबाजी की गयी और खुशी में मिठाइयां बांटी गयीं. गोरेयाकोठी संवाददाता के अनुसार : मुख्यालय में राजद नेता रजनीकांत सिंह उर्फ ज्ञानी सिंह के नेतृत्व में एक-दूसरे के बीच मिठाई का वितरण कर खुशी का इजहार कि या गया.

नौतन संवाददाता के अनुसार : प्रखंड राजद अध्यक्ष दीनानाथ यादव के नेतृत्व में खुशी का इजहार किया गया. इस दौरान समर्थकों के बीच मिठाई का वितरण किया गया. दरौली संवाददाता के अनुसार : प्रखंड अध्यक्ष धर्मनाथ यादव के नेतृत्व में खुशी का इजहार किया गया.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Tags

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन