बाढ़ से अब भी चौतरफा घिरा है सिमियाही गांव
Published by : VINAY PANDEY Updated At : 08 Oct 2025 7:16 PM
श्रीखंडी भिट्ठा गांव से होकर बहनेवाली रातो नदी के जलस्तर में आयी गिरावट के बावजूद दिवारी मतौना पंचायत के सिमियाही गांव में बाढ़ का संकट बरकरार है.
सुरसंड. श्रीखंडी भिट्ठा गांव से होकर बहनेवाली रातो नदी के जलस्तर में आयी गिरावट के बावजूद दिवारी मतौना पंचायत के सिमियाही गांव में बाढ़ का संकट बरकरार है. सिमियाही गांव बाढ़ से चौतरफा घिरा हुआ है. समाजसेवी शिवजी साह ने बताया कि ग्रामीण सड़क व पीसीसी पर एक से डेढ़ फुट पानी का तेज बहाव हो रहा है. खासकर वार्ड संख्या चार, पांच व छह बाढ़ के पानी से घिरा हुआ है. यदुपट्टी बाजार से दिवारी गांव जानेवाली ग्रामीण सड़क पर मानेश्वर नाथ हाइस्कूल के समीप करीब आधा किलोमीटर में एक से डेढ़ फुट पानी का बहाव हो रहा है. एनएच 227 से सिमियाही गांव जानेवाली आरइओ सड़क में लगाया गया ह्यूम पाइप क्षतिग्रस्त हो जाने से आवागमन अवरुद्ध हो गया है. वहीं, कोरियाही गांव से होकर बहनेवाली हरही नदी में आयी बाढ़ का पानी सिमियाही गांव की ओर मुड़ जाने से जलस्तर बरकरार है. तिरपित नगर से कोरियाही गांव जानेवाली ग्रामीण सड़क पर पानी का बहाव हो रहा है. बाढ़ का पानी कोरियाही गांव समेत सरेह में भी फैल गया है. जलजमाव के चलते प्रखंड के कई विद्यालयों में पठन-पाठन बाधित है. श्रीखंडी भिट्ठा पूर्वी पंचायत से भिट्ठा बाजार जानेवाली ग्रामीण सड़क के टूट जाने से लोगों को अधिक दूरी तय कर आवागमन करना पड़ रहा है. जबकि अधवारा समूह की नदियों यथा रातो, जंघा, मरहा, हरदी व जमूरा में बाढ़ आने से कोरियाही, दिवारी मतौना, श्रीखंडी भिट्ठा पूर्वी, श्रीखंडी भिट्ठा पश्चिमी, डाढ़ाबाड़ी, विररख, अमाना, करड़वाना व मरुकी पंचायत के दर्जनों गांव के सरेह में हजारों एकड़ में लगी धान की फसल पानी में डूबी हुई है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










