Sitamarhi: भारत व नेपाल की सुरक्षा एजेंसियों के बीच आपसी सहयोग व समन्वय पर बल
Published by : RANJEET THAKUR Updated At : 22 Oct 2025 5:51 PM
दोनों देशों की सुरक्षा एजेंसियों के बीच आपसी समन्वय बनाए रखने के उद्देश्य से बुधवार को सोनबरसा थाना परिसर में समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गयी.
सीतामढ़ी. आगामी बिहार विधानसभा चुनाव-2025 के मद्देनज़र भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र की सुरक्षा को सुदृढ़ करने और दोनों देशों की सुरक्षा एजेंसियों के बीच आपसी समन्वय बनाए रखने के उद्देश्य से बुधवार को सोनबरसा थाना परिसर में समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गयी. इस बैठक की अध्यक्षता अपर पुलिस अधीक्षक सह सदर एसडीपीओ-2 आशीष आनंद ने की. बैठक के दौरान दोनों देशों की सुरक्षा एजेंसियों के बीच आपसी सहयोग एवं समन्वय पर बल दिया गया. साथ ही सीमा क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने एवं आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए ठोस रणनीति तैयार की गयी. बैठक में मुख्य रूप से आपराधिक तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी तथा वांछित अपराधियों से संबंधित सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान, सीमा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों और आपराधिक घटनाओं की रोकथाम सुनिश्चित करना, सीमा सीलिंग की प्रभावी व्यवस्था एवं नकली/अवैध मुद्रा के प्रवाह पर रोक, मादक पदार्थों (नारकोटिक्स) और अवैध शराब की तस्करी पर सख्त नियंत्रण आदि पर चर्चा की गयी. अपर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि चुनाव के दौरान सीमा क्षेत्र में सुरक्षा के सभी मानकों का सख्ती से पालन किया जाएगा और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. बैठक में नेपाल पुलिस, नेपाल सशस्त्र प्रहरी बल के अधिकारीगण तथा भारत-नेपाल सीमा से जुड़े विभिन्न थाना क्षेत्रों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










