एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, सीतामढ़ी का कुख्यात अपराधी दिग्विजय कुमार और वांटेड डकैत देवेंद्र राय गिरफ्तार
Author : Chandan Singh Published by : Sarfaraz Ahmad Updated At : 08 Jun 2026 5:55 PM
प्रतीकात्मक तस्वीर
मुजफ्फरपुर के मोतीपुर थाना क्षेत्र में एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सीतामढ़ी के कुख्यात अपराधी दिग्विजय कुमार उर्फ विजय और वांटेड डकैत देवेंद्र कुमार राय को गिरफ्तार कर लिया. दोनों के खिलाफ हत्या, डकैती, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर मामलों में केस दर्ज हैं. पढ़ें पूरी खबर...
मुजफ्फरपुर से चंदन सिंह की रिपोर्ट
बिहार पुलिस मुख्यालय की विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो वांछित अपराधियों को गिरफ्तार किया है. दोनों गिरफ्तारियां मुजफ्फरपुर जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र में की गई हैं. गिरफ्तार आरोपियों में सीतामढ़ी के कुख्यात राकेश राय गैंग का सक्रिय सदस्य दिग्विजय कुमार उर्फ विजय कुमार और डकैती कांड का वांटेड आरोपी देवेंद्र कुमार राय शामिल हैं.
राकेश राय गैंग का सक्रिय सदस्य गिरफ्तार
एसटीएफ की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर दिग्विजय कुमार उर्फ विजय कुमार को गिरफ्तार किया. वह शिवहर जिले के तरियानी थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव निवासी बिन्दा राय का पुत्र है.
एसटीएफ के अनुसार दिग्विजय सीतामढ़ी के कुख्यात राकेश राय गैंग का सक्रिय सदस्य है. उसके खिलाफ महिंदवारा थाना, सीतामढ़ी में 17 मई 2026 को हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था. गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं. पुलिस उसके अन्य आपराधिक मामलों और नेटवर्क की भी जांच कर रही है.
डकैती कांड का मुख्य आरोपी भी दबोचा गया
एसटीएफ ने एक अन्य कार्रवाई में मोतीपुर थाना क्षेत्र से देवेंद्र कुमार राय को गिरफ्तार किया. वह मोतीपुर थाना अंतर्गत बथना गांव निवासी मुद्रिका राय का पुत्र है. पुलिस के अनुसार देवेंद्र बोचहां थाना क्षेत्र में दर्ज डकैती कांड का मुख्य आरोपी है और लंबे समय से फरार चल रहा था.
चार गंभीर मामलों में है आरोपी
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार देवेंद्र कुमार राय के खिलाफ डकैती, एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कुल चार गंभीर मामले दर्ज हैं. उसकी गिरफ्तारी को पुलिस के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है.
24 घंटे में दो बड़ी गिरफ्तारियों से अपराधियों में हड़कंप
मोतीपुर थाना क्षेत्र में एसटीएफ द्वारा 24 घंटे के भीतर की गई इन दोनों बड़ी गिरफ्तारियों से अपराधियों में हड़कंप मच गया है. पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उनके आपराधिक नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Chandan Singh
चंदन सिंह बीते 12 सालों से क्राइम रिपोर्टिंग की दुनिया में सक्रिय हैं. 2016 से लगातार प्रभात खबर के साथ काम कर रहे हैं. इससे पहले दैनिक जागरण और भास्कर जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के लिये योगदान दे चुके हैं. क्राइम रिपोर्टिंग में इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिज्म पर अधिक फोकस. पत्रकारिता में मास्टर्स की पढ़ाई की है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










