मोतीपुर हत्याकांड का 48 घंटे में खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, लूटा गया मोबाइल बरामद

मुजफ्फरपुर के मोतीपुर में 48 घंटे के भीतर सनसनीखेज हत्याकांड का पर्दाफाश हुआ है. पुलिस ने वर्चस्व और प्रेम प्रसंग के विवाद में हुई हत्या के मामले में दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से मृतक का लूटा गया मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है.
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के मोतीपुर थाना क्षेत्र स्थित बस स्टैंड फ्लाईओवर के समीप 21-22 जुलाई की रात हुए चर्चित हत्याकांड का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन कर लिया है. मामले में संलिप्त दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से मृतक का लूटा गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है. प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह आपसी वर्चस्व और प्रेम प्रसंग से जुड़ा विवाद सामने आया है.
क्या था पूरा मामला
21-22 जुलाई की मध्य रात्रि मोतीपुर बस स्टैंड फ्लाईओवर के समीप अज्ञात अपराधियों द्वारा एक युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने की सूचना पुलिस को मिली थी. सूचना मिलते ही मोतीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. स्थानीय लोगों की मदद से मृतक की पहचान साहेबगंज थाना क्षेत्र निवासी संतोष कुमार के रूप में हुई.
घटना के बाद एफएसएल (FSL) टीम को बुलाकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए. पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (पश्चिमी-01) ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया. शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेजा गया. परिजनों के बयान के आधार पर मोतीपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई.
SSP के निर्देश पर गठित हुई SIT
घटना की गंभीरता को देखते हुए मुजफ्फरपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) के निर्देश पर विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया. टीम का नेतृत्व ग्रामीण एसपी एवं एसडीपीओ (पश्चिमी-01) को सौंपा गया. टीम में जिला आसूचना इकाई (DIU) के प्रभारी तथा मोतीपुर थानाध्यक्ष की टीम को भी शामिल किया गया.
तकनीकी जांच और ह्यूमन इंटेलिजेंस से आरोपी गिरफ्तार
विशेष टीम ने मानवीय आसूचना और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए साहेबगंज थाना क्षेत्र के दो युवकों मंतोष कुमार और अभिषेक कुमार को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने मृतक का लूटा गया मोबाइल फोन भी बरामद किया.
वर्चस्व और प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने स्वीकार किया कि मृतक का अपने साथियों के साथ इलाके में वर्चस्व कायम करने और एक युवती से जुड़े प्रेम प्रसंग को लेकर विवाद चल रहा था. इसी रंजिश में साजिश रचकर उसकी हत्या की गई. पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा.
यह भी पढ़ें: कथैया छिनतई कांड का पुलिस ने किया खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










