प्रतिमा विसर्जित करते श्रद्धालु एवं मां को विदा करने उमड़ी महिलाओं की भीड़.

Published at :13 Oct 2016 3:23 AM (IST)
विज्ञापन
प्रतिमा विसर्जित करते श्रद्धालु एवं मां को विदा करने उमड़ी महिलाओं की भीड़.

माहौल बिगाड़ने की कोशिश को प्रशासन ने किया िवफल सीतामढ़ी : पिछले दस दिनों से आयोजित पवित्र नवरात्रा का मंगलवार को मूर्ति विसर्जन के साथ समापन हो गया. जिले में अलग-अलग दो जगहों पर कुछ असमाजिक तत्वों द्वारा शांति भंग करने की नाकाम कोशिश की गयी, जिसे जिला प्रशासन की तत्परता से विफल कर दिया […]

विज्ञापन

माहौल बिगाड़ने की कोशिश को प्रशासन ने किया िवफल

सीतामढ़ी : पिछले दस दिनों से आयोजित पवित्र नवरात्रा का मंगलवार को मूर्ति विसर्जन के साथ समापन हो गया. जिले में अलग-अलग दो जगहों पर कुछ असमाजिक तत्वों द्वारा शांति भंग करने की नाकाम कोशिश की गयी, जिसे जिला प्रशासन की तत्परता से विफल कर दिया गया. शेष जगहों पर शांतिपूर्ण तरीके से मां दुर्गा को भावभीनी विदाई दी गयी. मूर्ति विसर्जन जुलूस में बड़ी संख्या में महिला व पुरूष श्रद्धालु शामिल हुए. ढ़ोल-नगाड़े व गाजे-बाजे के साथ मां को विदा करने के लिए जब जुलूस निकली,
तो ऐसा लग रहा था जैसे संपूर्ण आबादी मां को विदा करने के लिए सड़कों पर उतर आये हो. शहर स्थित लखनदेई नदी में नगर परिषद व जिला प्रशासन की ओर से विसर्जन के लिए पूरी तैयारी की गयी थी. प्रशासनिक भवन का निर्माण कराया गया था. शांति बनाये रखने के लिए सभी आवश्यक स्थानों पर पुलिस बलों की पर्याप्त संख्या में तैनाती की गयी थी. कुल मिला कर मामूली घटनाओं को छोड़ दें तो नवरात्रा का शांति पूर्वक समापन हो गया. कई जगहों पर रावण का पुतला जलाया गया.
मेजरगंज. प्रखंड के बसबिट्टा बाजार पर विजयादशमी के मौके पर मंगलवार को धूमधाम से महावीरी झण्डोत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें प्रखंड के श्रीनगर, रघुनाथपुर और मरपा सिरपाल गांव के झंडो को स्थानीय हाईस्कूल परिसर में मिलान किया गया. झंडोत्सव में आस-पास के कई गांव समेत सीमावर्ती नेपाल से बड़ी संख्या में महिला व पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए. स्थानीय खिलाड़ियों ने विभिन्न प्रकार के पारंपरिक हथियारों के साथ एक से बढ़कर एक हैरान कर देने वाला करतब दिखाकर श्रद्धालुओं को आकर्षित किया. विधि-व्यवस्था को बनाये रखने के लिए पुलिस बलों के साथ थानाध्यक्ष सैफ अहमद खां मौजूद थें.
चोरौत. प्रखंड मुख्यालय समेत अमनपुर, भंटावारी, मोसिढ़ा, बसोत्तरा, परिगामा, यदुपट्टी, सिमरी व वर्री समेत सभी 13 स्थानों पर स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा को मंगलवार को गाजे-बाजे के साथ विसर्जन कर दिया गया. इससे पहले पूजा समितियों द्वारा मां की प्रतिमा को स्थानीय गांवों में परिक्रमा कराया गया. प्रखंड मुख्यालय स्थित लक्षमी नारायण मंदिर द्वारा भी वर्षो से चली आ रही परंपरा को कायम रखते हुये भगवान लक्ष्मीनारायण की मूर्ती को मंडप के साथ पालकी पर स्थापित कर नगर भ्रमण कराया गया, जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओ की भारी भीड़ उमर पड़ी थी. विधि-व्यवस्था बनाये रखने के लिए पूजा समिति के सदस्यो के अलावा सीओ राजेन्द्र पाठक, ओपी प्रभारी योगेन्द्र प्रसाद च सअनि राणा प्रताप सिंह पुलिस बलों के साथ मौजूद थे.
इधर शांति व सौहार्द पूर्वक नवरात्रा संपन्न होने पर खुशी व्यक्त करते हुये प्रखंड प्रमुख पशुपति कुमार, जिप सदस्स विश्वनाथ मिश्र, मुखिया संघ के प्रखंड अध्यक्ष राम प्रवेश चौघरी, भाजपा मंडल अध्यक्ष विपीन चौंघरी, भाकपा के अंचल मंत्री सह पंसस नरेश पासवान, यदयू के वरिष्ठ नेता अब्दुल जब्बार अंसारी व सरपंच संघ के प्रखंड अध्यक्ष हेमन्त शुक्ला ने पूजा समिति के सदस्यो के साथ ही स्थानिय प्रशासन को साधुवाद दिया है़
बाजपट्टी. प्रखंड में मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन शांति व सौहार्द पूर्वक कर दिया गया. इससे पहले नवमी के मौके पर विभिन्न पूजा पंडालों में हवन व कन्या भोजन के साथ पूजा विसर्जन की प्रक्रिया पूरी की गयी. मंगलवार को मुस्लिम धर्मावलंबियों द्वार मुहर्रम की चौकी निकाली गयी. साथ ही पूजा समितियों द्वारा गाजे-बाजे के साथ शांतिपूर्ण माहौल में मां की प्रतिमा को भाव पूर्वक विसर्जित कर दिया गया. प्रखंड के वनगांव, मधुबन बाजार, रसलपुर, निमाही, पिपराढ़ी, बाबूनरहा, बखरी व बाजपट्टी गोट समेत सभी स्थानों पर आयोजित दुर्गापूजा समितियों द्वारा प्रतिमा का शांतिपूर्वक विसर्जन कर दिया गया.
रून्नीसैदपुर : प्रखण्ड क्षेत्र में आयोजित दुर्गापूजा का मंगलवार को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो गया. पूजा समितियों द्वारा मंगलवार को श्रद्धापूर्वक मां दुर्गा की प्रतिमा का विभिन्न पोखरों में विसर्जन कर दिया गया. विधि-व्यवस्था को बनाये रखने के लिए विभिन्न आवश्यक स्थानों पर पुलिसबलों की तैनाती की गयी थी. विधानसभा प्रत्याशी रहे रालोसपा नेता पंकज कुमार मिश्रा ने विभिन्न पूजा पांडालो का दौड़ा कर लोगों से शान्ति व भाईचारा कायम रखने के लिए आमलोगों को के प्रति आभार प्रकट किया. साथ ही लोगों से मोहर्रम पूर्व को शांति व सौहार्द पूर्वक मनाने की अपील की.
बेला : थाना के सामने मुख्य पथ के किनारे मां दुर्गा की पूजा के बाद प्रतिमा का विसर्जन शांतिपूर्ण संपन्न हो गया. पूजा स्थल से विसर्जन जुलूस निकला जो बस स्टैंड, गोरहारी व नोचा चौक होते हुये शिव मंदिर तालाब के पास पहुंचा. तालाब में प्रतिमा का विसर्जन हुआ. जुलूस में हजारों महिला-पुरूष व बच्चे शामिल थे. रास्ते में जगह-जगह पेयजल व मेडिकल कैंप लगाये गये थे.
जायसवाल सेवा समिति व शिवगंगा सेवा समिति की ओर से हलुआ व सेव की व्यवस्था की गयी थी. नोचा चौक पर रावण का पुतला दहन किया गया. मौके पर विधायक गायत्री देवी, पूर्व विधायक रामनरेश यादव, सीओ किशोर पासवान, बीडीओ निरंजन कुमार, थानाध्यक्ष राजेश चौधरी, डीपीओ विद्यानंद सिंह, इफ्तेखार अहमद, रामनरेश प्रसाद साह व पूजा समिति के अध्यक्ष हरिश्चंद्र साह भी मौजूद थे.
बोखड़ा. मंगलवार को प्रखंड की सभी 11 पूजा समितियों द्वारा मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन किया गया. बेला गांव की जुलूस में अध्यक्ष सिकंदर यादव समेत करीब पांच हजार महिला व पुरूष शामिल थे. खड़का पूजा समिति के अध्यक्ष जितेंद्र झा व सचिव कृष्णकुमार झा के नेतृत्व में तो चकौती में चंद्रमोहन ठाकुर व मुखिया ललित कुमार के नेतृत्व में विसर्जन जुलूस निकला.
इस दौरान विधि-व्यवस्था बनाये रखने को प्रमुख हुकुमदेव नारायण यादव, बीडीओ महेश्वर पंडित, सीओ भाग्यनारायण राय, इंस्पेक्टर एलबी तिवारी व थानाध्यक्ष ललन कुमार के अलावा एसएसबी की महिला जवान व सैप जवान मुस्तैद थे.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन