शहर के लखनदेई पुल पर फल विक्रेताओं का कब्जा

Published at :26 Dec 2017 4:50 AM (IST)
विज्ञापन
शहर के लखनदेई पुल पर फल विक्रेताओं का कब्जा

हठ. अतिक्रमणकारियों के आगे पुलिस भी बेअसर सुबह पुलिस चलाती है डंडा, दोपहर में फिर सज जाती है दुकान रविवार को पैंथर मोबाइल ने पुल से हटवायी थी दुकान सोमवार को दिन भर जाम में फंसते रहे लोग सीतामढ़ी : शहर में हठी अतिक्रमणकारियों के सामने अब पुलिस की भी नहीं चलती है. ट्रैफिक जाम […]

विज्ञापन

हठ. अतिक्रमणकारियों के आगे पुलिस भी बेअसर

सुबह पुलिस चलाती है डंडा, दोपहर में फिर सज जाती है दुकान
रविवार को पैंथर मोबाइल ने पुल से हटवायी थी दुकान
सोमवार को दिन भर जाम में फंसते रहे लोग
सीतामढ़ी : शहर में हठी अतिक्रमणकारियों के सामने अब पुलिस की भी नहीं चलती है. ट्रैफिक जाम की समस्या झेल रहे लोगों की मुश्किलें जहां कम नहीं हो रही है, वहीं एक के बाद एक सड़क के दोनों छोर पर दुकान सजाकर अतिक्रमणकारी फुटकर दुकानदार पुलिस व प्रशासन को खुलेआम ठेंगा दिखा रहे हैं.
रविवार को नगर थाने की पुलिस ने लखनदेई पुल को फल की अघोषित मंडी बना चुके विक्रेताओं पर डंडा चलाकर पब्लिक की जिस राह को आसान बना दिया था, वह अगले हीं दिन फिर तार-तार हो गयी. सोमवार को दिन भर शहर के लोग जाम से परेशान रहे, वहीं लखनदेई पुल के दोनों हिस्सों पर ठेला लगाकर फल बेच रहे दुकानदारों की बेखौफ दुकानदारी चलती रही. उन्हें न किसी का डर था और न हीं उन्हें कोई रोकने व टोकने वाला था. इस बीच जिला प्रशासन से लेकर पुलिस की गाड़ियां आती व जाती रही, जाम में फंसती भी रही, लेकिन गाड़ी में बैठे अफसर भी इन सब से अंजान ही दिखे. अलब्बता ट्रैफिक की कमान संभाले कुछ जवान डंडा का भय दिखाकर इन फल विक्रेताओं को जरूर धमकाते रहे.
छह वर्षों से फल विक्रेताओं के कब्जे में है पुल
मालूम हो कि लखनदेई पुल को नये रूप में बने लगभग छह वर्ष हो गये हैं. पुल बनने के बाद शहर के इस लाइफलाइन की शक्ल भी बदल गयी, लेकिन कुछ दिन बाद ही पुल पर फल विक्रेताओं का कब्जा हो गया. प्रशासन जब मूड में होता है तो अभियान भी चलता है और कुछ अवैध कब्जाधारियों पर जुर्माने का डंडा भी चलाया जाता है, लेकिन इसका असर इन लोगों पर पड़ता नहीं दिखता.
कहते हैं नगर थानाध्यक्ष
नगर थानाध्यक्ष अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि गश्ती दल में शामिल अफसरों को अतिक्रमण कर जाम की समस्या पैदा करनेवाले लोगों पर पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है. नगर पुलिस द्वारा समय-समय पर कार्रवाई भी की गयी है. रविवार को पैंथर मोबाइल के द्वारा लखनदेई पुल पर जमे फल बेच रहे दुकानदारों को हटाया गया था.
अनिल कुमार शर्मा, नगर थानाध्यक्ष
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन