शेखपुरा में 100 पारा विधिक स्वयंसेवकों की होगी सूचीबद्धता, 12 अगस्त से आवेदन शुरू
शेखपुरा जिला विधिक सेवा प्राधिकार 100 पारा विधिक स्वयंसेवकों की भर्ती कर रहा है. 12 अगस्त से 11 सितंबर तक आवेदन जमा किए जा सकते हैं. जानें योग्यता, आयु सीमा और मानदेय की पूरी जानकारी.
शेखपुरा जिला विधिक सेवा प्राधिकार अपने कार्यों के सफलतापूर्वक संचालन के लिए 100 विधिक स्वयंसेवकों को सूचीबद्ध करने का निर्णय लिया है. पारा विधिक स्वयंसेवकों के सूचीबद्धीकरण का यह कार्य वार्षिक तौर पर किया जाता है, जिसे लेकर प्राधिकार द्वारा इच्छुक युवक और युवतियों से आवेदन आमंत्रित किया गया है.
आवेदन जिला विधिक सेवा प्राधिकार के कार्यालय में उपलब्ध है. 12 अगस्त से 11 सितंबर तक आवेदन जमा कर सकते हैं. आवेदन हाथों-हाथ या पंजीकृत डाक से भी भेजा जा सकता है. आवेदन भेजने का काम जिला विधिक सेवा प्राधिकार के जिला न्यायालय परिसर स्थित कार्यालय में भेजना होगा.
सचिव सुशील प्रसाद द्वारा दी गई जानकारी और प्रक्रिया
इस संबंध में जानकारी देते हुए शेखपुरा जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव सुशील प्रसाद ने बताया कि पारा विधिक स्वयंसेवक के सूचीबद्ध करने के कार्य को लेकर सूचना जिला न्यायालय के सूचना पट्ट के अलावा विधिक सेवा प्राधिकार जिले के संचालित सभी विधिक सहायता केंद्र, जिला सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय के सूचना पट्ट पर प्रदर्शित कर दिया गया है.
उन्होंने बताया कि पहले के सूचीबद्ध पारा विधिक स्वयंसेवकों को भी फिर से आवेदन करना होगा, हालांकि उन्हें चयन में वरीयता प्रदान की जाएगी.
आवेदकों के लिए योग्यता और शर्तें
उन्होंने बताया कि आवेदक को जिले का निवासी होना चाहिए. उन्हें समाज सेवा में रुचि रखने वाला और आपराधिक मुकदमों से दूर रहने वाला तथा किसी भी राजनीतिक दल का सदस्य नहीं होना चाहिए. सूचीबद्ध होने वाला व्यक्ति बिना किसी आर्थिक लाभ के समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों के उत्थान में रुचि रखता हो और उनके लिए कार्य करना चाहता हो.
इनमें सेवानिवृत्त शिक्षक, सेवानिवृत्त सरकारी सेवक, वरिष्ठ नागरिक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, डॉक्टर, छात्र, विधि के छात्र, गैर सरकारी संगठन एवं क्लब के सदस्य, स्वयं सहायता समूह, मैत्री समूह, जीविका आदि के सदस्य एवं अन्य व्यक्ति जो अधिवक्ता नहीं हैं और ऐसी सेवा में रुचि रखते हैं, उन्हें पारा विधिक स्वयंसेवक के रूप में चयन में वरीयता प्रदान की जाएगी.
आयु सीमा, शैक्षणिक योग्यता और मानदेय
इसमें आवेदन करने वाले की न्यूनतम आयु 18 वर्ष है. उनकी शैक्षणिक योग्यता कम से कम मैट्रिक रखी गई है. उन्हें नियुक्ति के बाद प्रतिदिन 750 रुपये के मानदेय का भुगतान किया जाएगा. परंतु यह मानदेय उन विशेष दिनों के लिए ही भुगतान होगा, जिस दिन प्राधिकार उनसे कोई विशेष कार्य लेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










