रोहतास के कथराई वितरणी में मिले युवक के शव की हुई पहचान, कैमूर के नीरज सिंह निकले मृतक
करगहर में कथराई वितरणी से बरामद युवक के शव की पहचान कैमूर के नीरज कुमार सिंह के रूप में हुई है। पुलिस हत्या के मामले की जांच में जुटी है।
Rohtas News : रोहतास जिला के करगहर थाना क्षेत्र के सहवलिया गांव के समीप कथराई वितरणी से सोमवार को बरामद अज्ञात युवक के शव की पहचान हो गई है. थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान कैमूर जिले के करमचट थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव निवासी स्व. बहादुर सिंह के पुत्र नीरज कुमार सिंह के रूप में हुई है. पहचान होने के बाद पुलिस अब हत्या के पूरे मामले के खुलासे में जुट गई है.
भैंस खरीदने निकले थे, फिर नहीं लौटे घर
पुलिस के अनुसार नीरज कुमार सिंह एक अगस्त को अपने घर से भैंस खरीदने के लिए 1 लाख 15 हजार रुपये लेकर निकले थे. इसके बाद वह वापस नहीं लौटे. तीन अगस्त को करगहर थाना क्षेत्र के सहवलिया गांव के समीप कथराई वितरणी से उनका शव बरामद किया गया.
हाथ-पैर बंधे मिले शव से हत्या की आशंका
शव के हाथ-पैर बंधे हुए थे और लंबे समय तक पानी में रहने के कारण वह फूल गया था. प्रारंभिक जांच में पुलिस ने आशंका जताई कि युवक की हत्या कर पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को कथराई राजवाहा में फेंक दिया गया. शव मिलने के बाद पुलिस ने मृतक के हुलिये, कपड़ों और अन्य पहचान चिह्नों के आधार पर तस्वीरें रोहतास समेत आसपास के जिलों के सभी थानों में भेजी थीं.
गुमशुदगी की रिपोर्ट से हुई पहचान
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि कैमूर जिले के करमचट थाना में नीरज कुमार सिंह की गुमशुदगी की प्राथमिकी पहले से दर्ज है. पुलिस द्वारा भेजी गई तस्वीर देखने के बाद परिजन करगहर थाना पहुंचे और शव की पहचान नीरज कुमार सिंह के रूप में की.
हत्या के कारणों और आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि पुलिस तकनीकी साक्ष्यों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य उपलब्ध तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है. यह भी पता लगाया जा रहा है कि हत्या कहां की गई और शव को करगहर थाना क्षेत्र की कथराई वितरणी में क्यों फेंका गया. पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










