रोहतास के योगिया हत्याकांड के बाद दलान से विदेशी शराब मिलने की चर्चा, आरोपी गाजीपुर से गिरफ्तार
मौके पर बरामद शराब की बोतलें | Prabhat Khabar Network
बिहार के दिनारा में हत्या के बाद गांव में तनाव, आरोपी के दलान से शराब बरामद। पुलिस ने आरोपी को गाजीपुर से किया गिरफ्तार, इलाके में भारी पुलिस बल तैनात।
Rohtas News : रोहतास जिला के दिनारा थाना क्षेत्र के योगिया गांव में बुधवार सुबह हुई कथित हत्या के बाद पूरे इलाके में तनाव, हिंसा और पुलिस कार्रवाई का दौर जारी रहा. घटना के बाद पुलिस ने आरोपी अजीत तिवारी के दलान की तलाशी ली. स्थानीय सूत्रों के अनुसार तलाशी के दौरान बड़ी संख्या में विदेशी शराब की खाली बोतलें और कुछ सीलबंद महंगी अंग्रेजी शराब की बोतलें मिली हैं. हालांकि पुलिस ने अभी तक इस बरामदगी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. बरामद सामग्री को जब्त कर जांच की जा रही है और गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है.
बुलाकर की मारपीट, फिर चली गोली का आरोप
जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब छह बजे मजदूर चंदेश्वर चौधरी अपने परिचित केदार चौधरी के साथ अजीत तिवारी के बुलावे पर उसके दलान पहुंचे थे. केदार चौधरी ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि परिसर में पहुंचते ही अजीत तिवारी ने चंदेश्वर चौधरी के साथ मारपीट शुरू कर दी. वह किसी तरह जान बचाकर बाहर निकल गए. बाहर निकलते समय उन्हें गोली चलने की आवाज सुनाई दी. आरोप है कि इसके बाद घायल चंदेश्वर चौधरी को आरोपी अपनी टाटा सफारी में बैठाकर मौके से फरार हो गया.
ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, दलान और वाहनों में लगाई आग
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों का आक्रोश भड़क उठा. गुस्साए लोगों ने आरोपी के दलान और परिसर में तोड़फोड़ की. आरोप है कि मोबाइल टावर के लिए रखे डीजल का उपयोग कर दलान में आग लगा दी गई तथा परिसर में खड़ी कई गाड़ियों को भी आग के हवाले कर दिया गया. हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी.
डीजे और फायरिंग की आवाज सुनने का ग्रामीणों का दावा
ग्रामीणों का दावा है कि घटना से एक रात पहले आरोपी के दलान पर देर रात तक तेज आवाज में डीजे बज रहा था और कई राउंड फायरिंग की आवाज भी सुनाई दी थी. कुछ ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि बुधवार सुबह आरोपी ने अपने पालतू कुत्ते को भी गोली मार दी, जिससे वह घायल हो गया. पुलिस ने घायल कुत्ते का उपचार कराया है. पुलिस ने इन सभी दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और जांच जारी है.
एसपी बोले- गाजीपुर से गिरफ्तार हुआ आरोपी
रोहतास के पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने बताया कि मुख्य आरोपी अजीत तिवारी को उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है. उन्होंने कहा कि हत्या के कारण, कथित शराब बरामदगी, आगजनी, फायरिंग और अन्य सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










