रोहतास: बीस सूत्री की बैठक में जलजमाव और पेयजल संकट पर चर्चा, उर्दू स्कूल के पास खुले में मांस-मछली बिक्री पर रोक का निर्देश

Updated:
विज्ञापन

फोटो कैप्शन:बैठक में बीस सूत्री अध्यक्ष रुपेश चंद्रवंशी, बीडीओ शेफाली व अन्य | Prabhat Khabar Network

नोखा प्रखंड की बीस सूत्री बैठक में जलजमाव, पेयजल संकट और आंगनबाड़ी केंद्रों की समस्याओं पर चर्चा हुई। खुले में मांस-मछली बिक्री पर एक सप्ताह में कार्रवाई का निर्देश।

विज्ञापन

Rohtas News : रोहतास जिला के नोखा प्रखंड मुख्यालय स्थित सभा कक्ष में सोमवार को प्रखंड स्तरीय कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति यानी बीस सूत्री की बैठक हुई. बैठक में जलजमाव, पेयजल संकट, आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण में देरी, गैस सिलेंडर की उपलब्धता और अतिक्रमण समेत कई जनसमस्याओं का मुद्दा छाया रहा. बीस सूत्री अध्यक्ष रुपेश चंद्रवंशी की अध्यक्षता और बीडीओ सह कार्यपालक पदाधिकारी शेफाली के संचालन में हुई बैठक में अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने का निर्देश दिया गया.

आंगनबाड़ी केंद्र के सामने जलजमाव से बच्चों को परेशानी

बैठक में ठेकाही बलिरामपुर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र के सामने रास्ते पर जलजमाव का मामला प्रमुखता से उठाया गया. सदस्यों ने बताया कि पानी जमा रहने के कारण आंगनबाड़ी केंद्र आने-जाने वाले छोटे बच्चों और ग्रामीणों को परेशानी होती है. सदस्यों ने समस्या के स्थायी समाधान के लिए रास्ते का निर्माण कराने की मांग की.

आंगनबाड़ी केंद्र के निर्माण में देरी का मामला उठा

बीस सूत्री सदस्य रमेश शर्मा ने सोतवा पंचायत के तेनुआ गांव के वार्ड संख्या आठ में आंगनबाड़ी केंद्र के निर्माण में हो रही देरी का मामला उठाया. उन्होंने निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग की, ताकि ग्रामीणों को जल्द सुविधा मिल सके.

पानी टंकी नहीं चलने से ग्रामीणों में पेयजल संकट

उत्तरी बरांव पंचायत के बिशनपुरा गांव में पानी टंकी के नियमित संचालन का मामला भी बैठक में उठा. सदस्यों ने बताया कि ऑपरेटर द्वारा समय पर टंकी नहीं चलाने के कारण ग्रामीणों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ता है. वहीं रघुनाथपुर में पानी टंकी बंद रहने की शिकायत भी सामने आयी. संबंधित अधिकारियों को दोनों मामलों का शीघ्र समाधान कराने का निर्देश दिया गया.

ग्रामीण क्षेत्रों में गैस सिलेंडर की उपलब्धता पर चर्चा

बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में गैस सिलेंडर की उपलब्धता में हो रही परेशानी पर भी चर्चा की गयी. सदस्यों ने कहा कि समय पर सिलेंडर उपलब्ध नहीं होने से ग्रामीण उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. इस समस्या के समाधान के लिए आवश्यक पहल करने पर जोर दिया गया.

उर्दू विद्यालय के गेट के पास खुले में मांस-मछली बिक्री पर नाराजगी

बीस सूत्री अध्यक्ष रुपेश चंद्रवंशी ने नगर परिषद के वार्ड संख्या 19 स्थित उर्दू विद्यालय के गेट के समीप खुले में हो रही मांस-मछली की बिक्री और अतिक्रमण का मामला उठाया. उन्होंने कहा कि पूर्व की बैठक में नगर परिषद के सिटी मैनेजर को 15 दिनों के अंदर अतिक्रमण हटाने और खुले में हो रही मांस-मछली की बिक्री बंद कराने का निर्देश दिया गया था. इसके बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी जतायी.

एक सप्ताह में कार्रवाई नहीं हुई तो मामला जायेगा उच्च अधिकारियों के पास

बीस सूत्री अध्यक्ष ने नगर प्रशासन को एक सप्ताह के अंदर विद्यालय के आसपास से अतिक्रमण हटाने और खुले में हो रही मांस-मछली की बिक्री बंद कराने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि विद्यालय के गेट के समीप इस तरह की गतिविधियों से विद्यार्थियों के साथ स्थानीय लोगों को भी परेशानी होती है. निर्धारित अवधि में कार्रवाई नहीं होने पर मामले को उच्च अधिकारियों के समक्ष रखने की बात कही गयी.

प्रशिक्षण कार्यक्रम और उर्दू भाषा में सूचनाओं पर भी चर्चा

बीडीओ शेफाली ने बताया कि बैठक में विभिन्न विभागों की ओर से संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी समिति के सदस्यों को दी गयी. स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस के अवसर पर वार्डों में उर्दू भाषा में भी आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध कराने को लेकर चर्चा हुई.

विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का निर्देश

बैठक के अंत में अधिकारियों को जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया गया. साथ ही सरकार की विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा गया.

बैठक में उपाध्यक्ष मनोज चंदेल, अंचलाधिकारी पुष्पा कुमारी, सहकारिता पदाधिकारी, प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अजय प्रताप, नगर परिषद के सिटी मैनेजर प्रवीण कुमार ओझा, सीडीपीओ, कृषि पदाधिकारी, लोहिया स्वच्छता पदाधिकारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और बीस सूत्री समिति के सदस्य अनिल सिंह, आफताब आलम, मनोज कुमार गुप्ता, विनोद सिंह, तेज नारायण सिंह, रमेश शर्मा, उमेश चौहान, रामजी पासवान, सुजीत कुमार समेत अन्य मौजूद रहे.


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन