सासाराम के नारायण मेडिकल कॉलेज में स्तनपान कक्ष की शुरुआत, माताओं को मिलेगा सुरक्षित और निजी स्थान

Updated:
विज्ञापन

फोटो कैप्शन: नारायण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल परिसर में स्थापित स्तनपान कक्ष. | Prabhat Khabar Network

सासाराम के नारायण मेडिकल कॉलेज में विश्व स्तनपान सप्ताह पर माताओं के लिए सुरक्षित और आरामदायक स्तनपान कक्ष की स्थापना की गई है।

विज्ञापन

Rohtas News : सासाराम ऑफिस. नारायण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के कम्युनिटी मेडिसिन विभाग की ओर से बाल रोग विभाग और प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग के सहयोग से विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान कॉलेज परिसर में स्तनपान कक्ष की स्थापना की गयी. इसका उद्देश्य माताओं को शिशुओं को स्तनपान कराने के लिए स्वच्छ, सुरक्षित, आरामदायक और निजी स्थान उपलब्ध कराना है. संस्थान ने इसे स्तनपान के अनुकूल वातावरण तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया.

माताओं को मिलेगा सुरक्षित और निजी स्थान

कॉलेज परिसर में स्थापित स्तनपान कक्ष में माताएं शिशुओं को सुरक्षित और आरामदायक वातावरण में स्तनपान करा सकेंगी. संस्थान की ओर से बताया गया कि इस पहल का उद्देश्य माताओं की सुविधा बढ़ाने के साथ सार्वजनिक स्थानों पर स्तनपान से जुड़ी झिझक को कम करना भी है.

जन्म के एक घंटे के भीतर स्तनपान शुरू कराने पर जोर

कार्यक्रम के दौरान माताओं और परिवार के सदस्यों को स्तनपान के महत्व की जानकारी दी गयी. चिकित्सकों ने बताया कि शिशु को जन्म के एक घंटे के भीतर स्तनपान शुरू कराना चाहिए. जीवन के पहले छह माह तक शिशु को केवल मां का दूध देने की सलाह दी गयी.

छह माह बाद भी जारी रखें स्तनपान

कार्यक्रम में बताया गया कि छह माह की उम्र के बाद शिशु को उचित पूरक आहार के साथ स्तनपान जारी रखना चाहिए. चिकित्सकों ने कहा कि मां का दूध शिशु के स्वास्थ्य और समुचित विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण है. इससे शिशु को आवश्यक पोषण मिलने के साथ कई स्वास्थ्य लाभ भी मिलते हैं.

चिकित्सकों और मेडिकल छात्रों ने लिया हिस्सा

कार्यक्रम में कुलाधिपति के सलाहकार डॉ. एमके सिंह, प्रसूति एवं स्त्री रोग विभागाध्यक्ष डॉ. केके कौल, सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. मनीष और एनाटॉमी विभागाध्यक्ष डॉ. शंभु समेत अन्य वरिष्ठ चिकित्सक मौजूद रहे. कम्युनिटी मेडिसिन विभाग से डॉ. श्रीकृष्ण एसआर, डॉ. पंकज कुमार मिश्रा, डॉ. विशाल कुमार सिंह, डॉ. नारायण कुमार जोशी और डॉ. भारत तंवर ने सहभागिता की.

मेडिकल छात्रों ने भी बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

जागरूकता कार्यक्रम में मेडिकल छात्रों और एमबीबीएस प्रशिक्षुओं ने भी सक्रिय भागीदारी की. इस दौरान स्तनपान से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गयी और माताओं तथा परिवार के सदस्यों को जरूरी जानकारी दी गयी.

स्वस्थ मां और स्वस्थ शिशु का दिया संदेश

कार्यक्रम का समापन स्वस्थ शिशु, स्वस्थ मां और स्वस्थ परिवार के संदेश के साथ हुआ. संस्थान की ओर से माताओं को स्तनपान के प्रति जागरूक करने और शिशुओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में ऐसे प्रयास जारी रखने की बात कही गयी.


विज्ञापन
मो. आरिफ खान

लेखक के बारे में

By मो. आरिफ खान

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन