रोहतास: दिनारा में टीबी मरीजों को मिली पोषण की सौगात, फूड बास्केट देकर स्वस्थ जीवन का दिया संदेश

मरीजों को फूड बास्केट देते स्वास्थ्यकर्मी | Prabhat Khabar Network
रोहतास के दिनारा प्रखंड में टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जरूरतमंद टीबी मरीजों को पोषण सहायता के रूप में फूड बास्केट वितरित की गई. स्वास्थ्य विभाग ने नियमित निगरानी और उपचार सुनिश्चित करने का दावा किया है.
Rohtas Dinara TB Patients Food Basket : केंद्र सरकार के टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत रोहतास के दिनारा प्रखंड में टीबी मरीजों को पोषण सहायता उपलब्ध कराने की पहल तेज हो गई है. प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में दो जरूरतमंद मरीजों को फूड बास्केट वितरित की गई, जबकि स्वास्थ्य विभाग ने सभी चिन्हित मरीजों की नियमित निगरानी और उपचार सुनिश्चित करने का दावा किया है.
टीबी मरीजों को मिला फूड बास्केट का सहयोग
दिनारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रखंड के बीसीएम मुकेश कुमार ने दो टीबी मरीजों को पोषण सहयोग के रूप में फूड बास्केट प्रदान की. उन्होंने कहा कि टीबी लाइलाज बीमारी नहीं है. नियमित दवा, पौष्टिक भोजन और स्वच्छता का पालन कर मरीज पूरी तरह स्वस्थ हो सकते हैं. उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य देश को टीबी मुक्त बनाना है और इसके लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार अभियान चला रहा है.
घर-घर होगी मरीजों की पहचान
बीएचएम राजीव रंजन ने बताया कि सभी आशा कार्यकर्ताओं और एएनएम को निर्देश दिया गया है कि वे घर-घर जाकर संभावित टीबी मरीजों की पहचान करें. संदिग्ध मरीजों की समय पर जांच और इलाज सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है ताकि बीमारी को शुरुआती चरण में ही नियंत्रित किया जा सके.
प्रखंड में 55 से 56 टीबी मरीजों की निगरानी
एसटीएस राहुल कुमार ने बताया कि दिनारा प्रखंड में वर्तमान में 55 से 56 टीबी मरीज चिन्हित हैं. सभी मरीजों की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है. फिलहाल दो जरूरतमंद मरीजों को फूड बास्केट दी गई है और आगे भी पात्र मरीजों को पोषण सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी.
पौष्टिक आहार और मास्क अपनाने की सलाह
कार्यक्रम में अनिल कुमार, लैब टेक्नीशियन विकास कुमार, उमा शंकर सैनी सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे. स्वास्थ्य कर्मियों ने मरीजों को आयरन और प्रोटीन युक्त भोजन लेने, दवा का नियमित सेवन करने तथा भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर मास्क लगाने की सलाह दी. अधिकारियों ने कहा कि पोषण सहायता से मरीजों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ेगी और इलाज बीच में छोड़ने की संभावना भी कम होगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










