रोहतास डेयरी में 30 मीट्रिक टन क्षमता वाले आधुनिक मिल्क पाउडर प्लांट का निर्माण शुरू

Updated:
विज्ञापन

आधुनिक दुग्ध चूर्ण संयंत्र निर्माण को ले पुजन करते डीएम, एसपी व अन्य

Sasaram News : सासाराम में 30 मीट्रिक टन क्षमता वाले आधुनिक दुग्ध पाउडर प्लांट का शुभारंभ हुआ. इससे शाहाबाद क्षेत्र के पशुपालकों की आय बढ़ेगी और डेयरी उद्योग को मजबूती मिलेगी.

विज्ञापन

Sasaram News : शाहाबाद दुग्ध संघ, आरा की रोहतास डेयरी परियोजना में प्रतिदिन 30 मीट्रिक टन क्षमता वाले आधुनिक दुग्ध चूर्ण यानी मिल्क पाउडर संयंत्र के निर्माण कार्य का बुधवार को शुभारंभ हुआ. बिहार सरकार के डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के मंत्री नंद किशोर राम और राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड यानी एनडीडीबी के अध्यक्ष डॉ. मीनेश शाह ने संयुक्त रूप से वर्चुअल माध्यम से बटन दबाकर परियोजना की शुरुआत की. राज्य सरकार की योजना के तहत प्रस्तावित यह प्लांट शाहाबाद क्षेत्र के दुग्ध उत्पादकों और पशुपालकों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

डेयरी सहकारिता को मिलेगी मजबूती, पशुपालकों को मिलेगा संगठित बाजार

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री नंद किशोर राम ने कहा कि राज्य सरकार किसानों और पशुपालकों के हित में डेयरी, मत्स्य और पशुपालन के क्षेत्र में लगातार काम कर रही है. उन्होंने कहा कि ऐसी परियोजनाओं से राज्य में डेयरी सहकारिता को मजबूती मिलेगी और पशुपालकों को दूध के लिए संगठित बाजार उपलब्ध होगा. उन्होंने कहा कि इस परियोजना से पशुपालकों की आय बढ़ाने के साथ-साथ डेयरी क्षेत्र से जुड़ी आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी.

Also Read : नवादा के एरूरी पंचायत में बायोगैस संयंत्र और अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाई का डीडीसी ने किया निरीक्षण

बेहतर पशुपालन और दूध उत्पादन बढ़ाने पर एनडीडीबी अध्यक्ष ने दिया जोर

एनडीडीबी के अध्यक्ष डॉ. मीनेश शाह ने कहा कि बिहार में दुग्ध सहकारिता का क्षेत्र तेजी से आगे बढ़ रहा है. इस परियोजना से शाहाबाद क्षेत्र के साथ-साथ राज्य के पशुपालकों के लिए आय बढ़ाने के नए अवसर पैदा होंगे. उन्होंने बेहतर पशुपालन के लिए पशुओं को संतुलित आहार, हरा चारा, समय पर टीकाकरण और कृमिनाशक दवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि इन उपायों से दूध उत्पादन और संग्रह में वृद्धि होने की उम्मीद है.

अतिरिक्त दूध के वैज्ञानिक प्रसंस्करण और संरक्षण में मिलेगी मदद

डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के सचिव ने कहा कि 'सहकार से समृद्धि' के तहत मिल्क पाउडर प्लांट की स्थापना दूध के वैज्ञानिक और आधुनिक प्रसंस्करण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. उन्होंने कहा कि संयंत्र शुरू होने के बाद अतिरिक्त दूध का प्रभावी तरीके से प्रसंस्करण और संरक्षण किया जा सकेगा. साथ ही शाहाबाद क्षेत्र के दुग्ध उत्पादकों के दूध का बेहतर उपयोग और मूल्य संवर्धन भी संभव होगा.

सात निश्चय-3 योजना के तहत तीन हजार से अधिक दुग्ध सहकारी समितियों का गठन

राज्य सरकार की सात निश्चय-3 योजना के तहत इस वर्ष अब तक तीन हजार से अधिक दुग्ध सहकारी समितियों का गठन किया जा चुका है. सरकार डेयरी क्षेत्र के विस्तार और पशुपालकों को संगठित बाजार से जोड़ने की दिशा में लगातार काम कर रही है.

Also Read : PHOTOS: बहन के कॉल पर पुलिस ने नवादा में खोदी कब्र, निकला चौंकाने वाला राज!

पाउडर प्लांट से पशुपालकों की आर्थिक स्थिति में होगा सकारात्मक बदलाव : डीएम

डीएम दीपक प्रकाश मिश्रा ने कहा कि रोहतास डेयरी परियोजना और जिले के पशुपालकों को पशुपालन के लिए आवश्यक सहयोग जिला प्रशासन की ओर से मिलता रहेगा. उन्होंने कहा कि मिल्क पाउडर प्लांट के निर्माण से पशुपालकों की पशुपालन पद्धति और आर्थिक समृद्धि में सकारात्मक बदलाव आने की उम्मीद है.

कई अधिकारी और डेयरी पदाधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में एसपी रौशन कुमार, शाहाबाद दुग्ध संघ के अध्यक्ष अजय कुमार, प्रबंध निदेशक अमित कुमार सुमन समेत कॉम्फेड और आरा डेयरी के कई पदाधिकारी मौजूद थे.

Also Read : नवादा में स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर हरिश्चंद्र स्टेडियम में परेड का अंतिम पूर्वाभ्यास


विज्ञापन
जितेंद्र कुमार पासवान

लेखक के बारे में

By जितेंद्र कुमार पासवान

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन