रोहतास के पियूष राज ने रचा इतिहास, विश्व अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में चयन

फोटो कैप्शन : विश्व अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए चयनित पियूष राज. | Prabhat Khabar Network
रोहतास जिले के उभरते एथलीट पियूष राज का विश्व अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में चयन हुआ है. वे बिहार के पहले एथलीट हैं जिन्होंने विश्व चैंपियनशिप में जगह बनाई है. इस उपलब्धि से खेल जगत में खुशी की लहर है.
Rohtas News : रोहतास जिले के लिए गर्व का क्षण सामने आया है. जिले के उभरते एथलीट पियूष राज का चयन विश्व अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में हुआ है. इसके साथ ही बिहार सरकार की 'मेडल लाओ, नौकरी पाओ' योजना के तहत उन्हें पुलिस विभाग में सब इंस्पेक्टर पद का नियुक्ति पत्र भी मिला है. उनकी अनुपस्थिति में यह नियुक्ति पत्र उनकी मां ने पटना में आयोजित समारोह में प्राप्त किया. इस उपलब्धि से जिले सहित पूरे बिहार के खेल जगत में खुशी की लहर है.
अमेरिका में दिखाएंगे दम, दो स्पर्धाओं में करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व रोहतास जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव विनय कृष्ण ने बताया कि अमेरिका के यूजीन (ओरेगन) में पांच अगस्त से आयोजित होने वाली विश्व अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पियूष राज भारतीय टीम के सदस्य के रूप में हिस्सा लेंगे. भारतीय एथलेटिक्स महासंघ द्वारा जारी टीम सूची में उनका नाम दूसरे स्थान पर शामिल है. वह 400 मीटर व्यक्तिगत स्पर्धा और 4×400 मीटर मिश्रित रिले स्पर्धा में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे. पियूष शनिवार को अमेरिका के लिए रवाना होंगे.
बिहार के पहले एथलीट बने, जिन्होंने विश्व चैंपियनशिप में बनाई जगह विनय कृष्ण ने बताया कि पियूष राज विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले बिहार के पहले एथलीट होंगे. उन्होंने पिछले कई महीनों से हैदराबाद में रहकर अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में कड़ी तैयारी की है. इसके अलावा भारतीय एथलेटिक्स महासंघ के विशेष प्रशिक्षण शिविर में भी उन्होंने भाग लिया.
ओलंपिक पदक जीतना है सपना फोन पर बातचीत में पियूष राज ने कहा कि उनका लक्ष्य ओलंपिक में भारत के लिए पदक जीतना है. उन्होंने कहा कि विश्व अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर वह देश, बिहार और रोहतास का नाम रोशन करना चाहते हैं.
खेल जगत ने दी शुभकामनाएं पियूष राज की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बिहार खेल विभाग, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, बिहार एथलेटिक्स संघ तथा रोहतास जिला एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह सहित खेल जगत से जुड़े कई लोगों ने उन्हें बधाई दी और विश्व चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










