पाकिस्तान के खिलाफ वेस्टइंडीज की टेस्ट टीम घोषित, जोशुआ बिशप को पहली बार मिला मौका

वेस्टइंडीज बनाम पाकिस्तान (फोटो— सोशल मीडिया)
वेस्टइंडीज ने पाकिस्तान के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए अपनी टीम घोषित कर दी है. तेज गेंदबाज अल्जारी जोसेफ निजी कारणों से सीरीज से बाहर रहेंगे. उनकी जगह बाएं हाथ के स्पिनर जोशुआ बिशप को पहली बार टेस्ट टीम में शामिल किया गया है.
West Indies vs Pakistan Test Series : वेस्टइंडीज ने पाकिस्तान के खिलाफ 25 जुलाई से शुरू होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है. तेज गेंदबाज अल्जारी जोसेफ निजी कारणों के चलते इस सीरीज से बाहर रहेंगे. उनकी गैरमौजूदगी में बाएं हाथ के स्पिनर जोशुआ बिशप को पहली बार टेस्ट टीम में शामिल किया गया है.
25 मुकाबलों में लिए है 119 विकेट
26 वर्षीय जोशुआ बिशप ने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है. उन्होंने 25 प्रथम श्रेणी मुकाबलों में 119 विकेट लिए हैं और पिछले तीन वेस्टइंडीज चैंपियनशिप सीजन में 91 विकेट लेकर सबसे सफल गेंदबाज रहे हैं.
मैकेंजी की दो साल बाद टीम में वापसी
वहीं, शीर्ष क्रम के बल्लेबाज किर्क मैकेंजी की भी करीब दो साल बाद टीम में वापसी हुई है. उन्हें सलामी बल्लेबाज जॉन कैंपबेल के चोटिल होने के बाद मौका मिला है. कैंपबेल न्यूज़ीलैंड के खिलाफ हालिया वनडे सीरीज के दौरान हैमस्ट्रिंग चोट का शिकार हो गए थे. मैकेंजी ने हाल की वेस्टइंडीज चैंपियनशिप में छह पारियों में 323 रन 64.60 की औसत से बनाए थे.
जोमेल वॉरिकन होंगे उपकप्तान
कप्तान रोस्टन चेज टीम की अगुआई करेंगे, जबकि जोमेल वॉरिकन उपकप्तान होंगे. तेज गेंदबाज एंडरसन फिलिप को इस बार टीम में जगह नहीं मिली है. वेस्टइंडीज ने हाल ही में श्रीलंका को टेस्ट सीरीज में 1-0 से हराया था और इसके बाद टीम विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) अंक तालिका में आठवें स्थान पर पहुंच गई.
वेस्टइंडीज टेस्ट टीम
रोस्टन चेज (कप्तान), जोमेल वॉरिकन (उपकप्तान), जोशुआ बिशप, टेगेनरीन चंद्रपॉल, जोशुआ डा सिल्वा, जस्टिन ग्रीव्स, कावेम हॉज, शाई होप, आमिर जंगू, शमार जोसेफ, ब्रैंडन किंग, किर्क मैकेंजी, कीमो पॉल, केमार रोच और जेडन सील्स.
ये भी पढ़ें: CWG 2026: ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स से क्रिकेट क्यों हुआ बाहर?
वेस्टइंडीज सीरीज के लिए पाकिस्तान ने किया स्क्वाड का ऐलान
दूसरी ओर, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने वेस्टइंडीज दौरे के लिए अपनी टेस्ट टीम की घोषणा पहले ही कर दी थी. बाबर आजम टीम की कप्तानी करेंगे. पाकिस्तान 25 जुलाई से 6 अगस्त तक वेस्टइंडीज में दो टेस्ट खेलेगा. वेस्टइंडीज दौरे के लिए 16 सदस्यीय टीम चुनी गई है. इस टीम में चार अनकैप्ड खिलाड़ियों अली उस्मान, मोहम्मद अवैस जफर, उबैद शाह और मोहम्मद गाजी घोरी को भी मौका मिला है. वहीं गुरुवार को बाबर आजम और वेस्टइंडीज के कप्तान रोस्टन चेज ने टेस्ट सीरीज से पहले ट्रॉफी का अनावरण किया.
पाकिस्तान टेस्ट टीम
बाबर आजम (कप्तान), आमिर जमाल, अब्दुल्ला फजल, अली उस्मान, अजान अवैस, इमाम-उल-हक, खुर्रम शहजाद, मोहम्मद अब्बास, मोहम्मद अली, मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), मोहम्मद अवैस जफर, मोहम्मद गाजी घोरी (विकेटकीपर), साजिद खान, सलमान अली आगा, शान मसूद और उबैद शाह.
| तारीख | मुकाबला | स्थान |
| 25-29 जुलाई | पहला टेस्ट | ब्रायन लारा क्रिकेट अकादमी, तारौबा |
| 2-6 अगस्त | दूसरा टेस्ट | क्वींस पार्क ओवल, पोर्ट ऑफ स्पेन |
ये भी पढ़ें: 2 साल बाद फिर अपने पेस से किया सबको हैरान, इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी मैच में ही बने प्लेयर ऑफ द मैच
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By Abhijeet Kumar
अभिजीत कुमार पत्रकारिता जगत में दो वर्षों का अनुभव रखने वाले युवा पत्रकार हैं. उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), ढेंकानाल से पत्रकारिता एवं जनसंचार की पढ़ाई की है. अपने पेशेवर सफर में उन्होंने रिपोर्टिंग, सब-एडिटिंग, पेज डिजाइन और डिजिटल कंटेंट के क्षेत्र में कार्य किया है. वर्तमान में वह प्रभात खबर के स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं, जहां खेल जगत से जुड़ी खबरों के संपादन, लेखन और प्रस्तुतीकरण की जिम्मेदारी निभा रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










