Sasaram News : डबल इंजन सरकार में नहीं बिछी आरा-मुंडेश्वरी रेल लाइन
Published by : PRABHANJAY KUMAR Updated At : 15 Sep 2025 9:46 PM
दिनारा़ विकास की दौड़ में दिनारा विधानसभा क्षेत्र पिछड़ गया है. नहर के पानी से 350 एकड़ भूमि पर लगी फसल नष्ट हो गयी है.
सासाराम नगर, दिनारा़ विकास की दौड़ में दिनारा विधानसभा क्षेत्र पिछड़ गया है. नहर के पानी से 350 एकड़ भूमि पर लगी फसल नष्ट हो गयी है. कृषि प्रधान इस क्षेत्र में किसानों की उन्नित के लिए अबतक ऐसे कोई कार्य नहीं किये गये हैं, जिसको लेकर यहां के किसानों को उन्नत बनाया जा सके. इस तरहे के सवाल सोमवार को दिनारा प्रखंड कार्यालय के सभागार में लगे प्रभात खबर चौपाल में दिनारा के लोगों ने किया. मंच पर भाजपा से अखिलेश कुमार प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, भाजपा के राजेंद्र सिंह के प्रतिनिधि जयरामजायसवाल, आरएलएम के आलोक कुमार सिंह के प्रतिनिधि सोनू कुशवाहा, जनसुराज के भावी प्रत्याशी अनिल कुमार सिंह, स्थानीय विधायक विजय मंडल के प्रतिनिधि भाई संतोष और राजद से भावी प्रत्याशी अरुण कुमार सिंह मौजूद थे, जिन्होंने जनता के सवालों का जवाब दिया और इस विधानसभा चुनाव के लिए एजेंडे भी सेट किये. इस चौपाल के लिए दिनारा विधानसभा क्षेत्र के उन नेताओं को आमंत्रित किया गया था, जो इस बार इस क्षेत्र से अपनी दावेदारी पेश करने के लिए पटना से दिल्ली तक टिकट के लिए दौड़ लगा रहे हैं. हालांकि, वह जनता के सीधे सवालों से बचने के लिए अपने प्रतिनिधियों को सामने कर दे रहे हैं. चौपाल के मंच पर बैठे इन नेताओं के प्रतिनिधि भी कई मुद्दों पर सवालों से बचते नजर आये. कदवन जलाशय को लेकर एक व्यक्ति ने भाजपा के नेता से सवाल पूछा कि इसका निर्माण कार्य कब पूरा होगा और इसका लाभ कब से मिलने लगेगा? इस सवाल का जवाब भाजपा नेता अखिलेश कुमार नहीं दे पाये और वह डबल इंजन सरकार में हो रहे कार्यों को बताने में लगे रहे. जबकि, उसी मंच पर बैठे राजद के भावी प्रत्याशी ने कहा कि इस योजना का शिलान्यास करने 2006 में नीतीश कुमार आये थे. इस जलाशय के निर्माण से दिनारा विधानसभा ही नहीं बल्कि पूरे जिले को लाभ मिलेगा. इसके अलावा सत्ता पक्ष के नेता से एक युवा ने आरा-मुंडेश्वरी रेलखंड के निर्माण को लेकर सवाल पूछा. उसने कहा लालू प्रसाद जब रेलमंत्री थे, तब उन्होंने इस योजना की घोषणा की थी. लेकिन, केंद्र में उनकी सरकार दोबारा नहीं आयी और अब इस योजना पर चर्चा नहीं होती है. इस सवाल के जवाब में भाजपा के नेता ने योजना के बारे में कुछ नहीं बोला. बल्कि वह यह बताने में लग गये कि लालू प्रसाद ने नौकरी के बदले लोगों से जमीन ली, जिसकी जांच चल रही है. इसके अलावा दर्शक दीर्घा से सभी पार्टियों के लिए यह भी सवाल आया कि यहां पर स्थानीय नेताओं को मौका नहीं दिया जा रहा है. बल्कि बाहरी लोगों को टिकट दिया जा रहा है. इस मुद्दे पर सभी पार्टी के नेता खुद को स्थानीय उम्मीदवार बताने में जुट गये. चौपाल में एक व्यक्ति ने तत्कालीन विधायक पर अधिकारियों से मिलकर भ्रष्टाचार करने का आरोप लगाया. उसने कहा कि जिस प्रखंड कार्यालय परिसर में यह कार्यक्रम हो रहा है. यहां किसी भी कार्य करने के लिए अधिकारी पैसा लेते हैं. चाहे वह जमीन से जुड़ा मामला हो या प्रमाणपत्र बनाने की बात हो. सबके लिए चढ़ावा चाहिए. इसपर सत्ता और विपक्ष के नेताओं ने एक-दूसरे पर आरोप लगाया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










