टीम इंडिया के गेंदबाज आकाशदीप के तिलक समारोह में उमड़ा जनसैलाब, शादी की रस्में शुरू, 24 जून को वाराणसी में गूंजेगी शहनाई
म इंडिया के गेंदबाज आकाश दीप के तिलक समारोह की तस्वीर
Indian Cricketer Akash Deep Tilak Ceremony : रोहतास के शिवसागर में क्रिकेटर आकाश दीप के तिलक समारोह ने पूरे इलाके को उत्सव में बदल दिया. भोजपुरी कलाकारों और नेताओं की मौजूदगी से कार्यक्रम और भी भव्य हो गया परंपरागत रीति-रिवाज के साथ तिलक की रस्में संपन्न हुईं. अब 24 जून को वाराणसी में होने वाली शादी पर सबकी नजरें टिकी हैं.
Indian Cricketer Akash Deep Tilak Ceremony : (सुजीत कुमार) भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज आकाश दीप ने अपने शानदार प्रदर्शन से देश और बिहार का नाम रोशन किया है. घरेलू क्रिकेट से लेकर अंतरराष्ट्रीय मंच तक अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर उन्होंने खास पहचान बनाई है. अपने करियर में कई उपलब्धियां हासिल करने के बाद अब आकाश दीप अपनी जिंदगी के एक नए अध्याय की शुरुआत करने जा रहे हैं. वह निजी जीवन के सबसे खास पड़ाव यानी शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं. शादी की रस्में शुरू हो गई. रविवार को उनके पैतृक गांव बड्डी में धूमधाम से उनका तिलक समारोह आयोजित किया गया. आकाश दीप के तिलक समारोह के लिए पूरे गांव को दुल्हन की तरह सजाया गया. आकाश दीप के तिलक समारोह को लेकार पूरे गांव में जश्न का माहौल देखने को मिला. उनके घर इन दिनों शादी की रौनक चरम पर है.

मानिकपुर से लड़की पक्ष के लोग पहुंचे
डेहरी-ऑन-सोन के मानिकपुर से लड़की पक्ष के लोग पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ तिलक लेकर शिवसागर प्रखंड स्थित बड्डी गांव पहुंचे. समारोह पूरी तरह हिंदू परंपरा और वैदिक रीति रिवाज के अनुसार संपन्न हुआ. वैदिक मंत्रोच्चार के बीच तिलक की रस्म अदा की गई और परिवार के बुजुर्गों ने आकाश दीप को आशीर्वाद दिया. तिलक समारोह को लेकर पूरे इलाके में जबरदस्त उत्साह था. अनुमान लगाया गया था कि करीब 20 हजार से अधिक लोग इस आयोजन में शामिल होंगे. दूर-दराज के गांवों और शहरों से भी बड़ी संख्या में लोग अपने चहेते क्रिकेटर की खुशी में शरीक होने पहुंचे.

भोजपुरी सितारों और नेताओं की मौजूदगी
इस खास अवसर पर भोजपुरी इंडस्ट्री और राजनीति जगत की कई चर्चित हस्तियां भी पहुंचीं. प्रसिद्ध गायक गुंजन सिंह, प्रमोद प्रेमी यादव, आलोक कुमार, गोलू राजा, शिल्पी राज, शिल्पी राघवानी और अंकुश राजा ने समारोह की रौनक बढ़ाई. वहीं सासाराम के सांसद मनोज कुमार, दिनारा विधायक आलोक सिंह, डेहरी विधायक सोनू सिंह और चेनारी विधायक मुरारी गौतम सहित कई जनप्रतिनिधियों ने आकाश दीप को शुभकामनाएं दीं. देर रात तक सासाराम के सांसद मनोज राम ही प्रमुख अतिथि के रूप में पहुंचे थे.

दूल्हा के जैसे सजे आकाशदीप
समारोह के दौरान दूल्हा बने आकाशदीप ने मुस्कुराते हुए लोगों का अभिवादन किया और शुभकामनाएं स्वीकार कीं. दिल्ली से बुलाए गए मेकअप आर्टिस्ट और भव्य तैयारियों ने इस समारोह को किसी सेलिब्रिटी वेडिंग से कम नहीं रहने दिया.
गांव को दुल्हन की तरह सजाया गया
इस अवसर पर गांव को दुल्हन की तरह सजाया गया था. रंग-बिरंगी रोशनी, आकर्षक सजावट और बॉलीवुड थीम पर तैयार किए गए पूरे परिसर ने समारोह की भव्यता में चार चांद लगा दिए. गांव में सुबह से ही रौनक देखने को मिली. गलियों में चहल पहल बढ़ गई थी और हर ओर खुशी का माहौल नजर आ रहा था. दूर दूर से आए रिश्तेदार, मित्र और ग्रामीण इस खास मौके के गवाह बने.

मेहमानों के लिए विशेष व्यवस्था किया गया
मेहमानों के लिए खास भोज का भी इंतजाम किया गया था, जिसमें पारंपरिक बिहारी व्यंजन और विभिन्न प्रकार के पकवान परोसे गए. इस दौरान हर किसी के चेहरे पर खुशी और गर्व साफ झलक रहा था.
शादी की तैयारियां जोरों पर
तिलक समारोह के बाद अब गांव में शादी की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं. 23 जून को हल्दी और मटकोर की रस्में निभाई जाएंगी. इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम और पारंपरिक गीतों का आयोजन भी होगा. घर में पूजा अर्चना और अन्य वैदिक अनुष्ठान लगातार किए जा रहे हैं. परिवार और गांव के लोग मिलकर इस आयोजन को खास बनाने में जुटे हैं. आयोजन को भव्य बनाने के लिए हर स्तर पर विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं.
वाराणसी में होगा भव्य विवाह
परिवार से मिली जानकारी के अनुसार 24 जून को वाराणसी स्थित ताज होटल में विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा. शादी से पहले चल रहे मांगलिक कार्यक्रमों के तहत आज यानी 22 जून को मेहंदी और 23 जून को हल्दी की रस्म अदा की जाएगी. सभी पारंपरिक कार्यक्रम गांव में ही आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है. इस समारोह में खेल, राजनीति और फिल्म जगत की कई बड़ी हस्तियों के शामिल होने की संभावना है.
आकाश दीप का यह तिलक समारोह सिर्फ एक पारिवारिक आयोजन नहीं रहा, बल्कि पूरे रोहतास जिले के लिए गर्व और खुशी का मौका बन गया है. अब सभी की नजरें उनके विवाह समारोह पर टिकी हैं, जहां से वह अपने जीवन की नई पारी की शुरुआत करेंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Ragini Sharma
मैं रागिनी शर्मा वर्तमान में पटना स्थित प्रभात खबर डिजिटल की टीम के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हूं. यहां मैं बिहार के विभिन्न जिलों से जुड़ी अहम खबरों, राजनीतिक-सामाजिक मुद्दों और ट्रेंडिंग विषयों पर काम कर रही हूं. मेरा उद्देश्य हर खबर को सरल, सटीक और प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करना है, ताकि पाठक न सिर्फ जानकारी प्राप्त करें बल्कि उससे जुड़ाव भी महसूस करें और डिजिटल पत्रकारिता को और अधिक सार्थक बनाया जा सके. पत्रकारिता की पढ़ाई के दौरान ही मैंने प्रिंट और डिजिटल मीडिया की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. अपने कॉलेज के समय में हिंदुस्तान के साथ इंटर्नशिप के दौरान मुझे पहली बार वेब पोर्टल पर खबर लिखने और डिजिटल न्यूज राइटिंग का व्यावहारिक अनुभव मिला. इसी दौरान मैंने न्यूज़ लेखन, हेडलाइन स्ट्रक्चर और डिजिटल स्टोरी प्रेजेंटेशन की बुनियादी समझ विकसित की. इसके बाद वर्ष 2025 में पत्रकारिता में ग्रेजुएशन पूरा करने के साथ ही मैंने अपने प्रोफेशनल करियर की शुरुआत की. डिजिटल मीडिया में मेरी पहली भूमिका फर्स्ट बिहार झारखंड के साथ रही, जहाँ मैंने एंकरिंग और ग्राउंड रिपोर्टिंग के माध्यम से बिहार के जमीनी मुद्दों को कवर किया. इस दौरान मैंने राज्य की राजनीति, सामाजिक सरोकारों और आम जनता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सक्रिय रूप से रिपोर्टिंग की.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










