रोहतास: अकोढ़ीगोला में शान से लहराया तिरंगा, प्रभात फेरी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से गूंजे स्कूल
रामप्यारी बालिका पल्स टू विद्यालय दरिहट में ध्वजारोहण करते विधायक राजीव रंजन उर्फ सोनू सिंह व अन्य | Prabhat Khabar Network
अकोढ़ीगोला क्षेत्र में 80वें स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण और प्रभात फेरी का आयोजन हुआ। विभिन्न स्कूलों और सरकारी कार्यालयों में सांस्कृतिक कार्यक्रम किए गए।
Rohtas News : आजादी की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर अकोढ़ीगोला प्रखंड क्षेत्र में स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया. सरकारी और गैर सरकारी संस्थानों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया. स्कूलों के बच्चों ने प्रभात फेरी निकाली, जबकि कई विद्यालयों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. पूरे क्षेत्र में देशभक्ति का माहौल बना रहा.
विधायक ने बच्चों की नियमित उपस्थिति पर दिया जोर
रामप्यारी बालिका उच्च प्लस टू विद्यालय, दरिहट में विधायक राजीव रंजन उर्फ सोनू सिंह ने ध्वजारोहण किया. इस मौके पर उन्होंने कहा कि जिस तरह गणतंत्र दिवस और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्कूलों में बच्चों की अच्छी उपस्थिति रहती है, उसी तरह उनकी नियमित उपस्थिति पूरे शैक्षणिक सत्र में बनी रहनी चाहिए. इसके लिए विद्यालय, अभिभावक और समाज को मिलकर प्रयास करना होगा.
स्कूलों में प्रभात फेरी और सांस्कृतिक कार्यक्रम
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने प्रभात फेरी निकाली. हाथों में तिरंगा लेकर बच्चों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे लगाये. विद्यालयों में देशभक्ति गीत, भाषण और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये गये, जिन्हें शिक्षकों और अभिभावकों ने सराहा.
पंचायत भवनों और विद्यालयों में हुआ ध्वजारोहण
पीएमश्री भागवत दास राजकीय मध्य विद्यालय, दरिहट में प्रधानाध्यापक प्रमोद कुमार तिवारी, पीएमश्री अशोक कुमार जैन प्लस टू विद्यालय, दरिहट में प्रधानाध्यापक अशोक कुमार, दरिहट पैक्स कार्यालय में अध्यक्ष सुरेश प्रसाद यादव और पंचायत भवन दरिहट में मुखिया शारदा कुंवर ने तिरंगा फहराया.
एनआरबी स्कूल चिलबिला (आयर कोठा) में निदेशक डॉ. राम बिहारी शर्मा, पंचायत भवन टंडवा में मुखिया अनिल कुमार, लालू प्रसाद यादव महाविद्यालय शंकरपुर अकोढ़ीगोला में प्राचार्य डॉ. लाल बाबू सिंह, अकोढ़ी पंचायत सरकार भवन में मुखिया किरण देवी, बराव कला पंचायत भवन में मुखिया सुनतेश्वर राम उर्फ ददन पासवान और तथागत पब्लिक स्कूल आयरकोठा में प्राचार्य विजय कुमार पाल ने ध्वजारोहण किया.
थाना परिसरों में भी तिरंगे को दी सलामी
दरिहट थाना परिसर में थानाध्यक्ष रविरंजन प्रियदर्शी, आयर कोठा थाना में शिवम कुमार और अकोढ़ीगोला थाना में थानाध्यक्ष राकेश गोसाई ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर सलामी दी. इस दौरान पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने राष्ट्रध्वज के सम्मान में सावधान मुद्रा में सलामी दी.
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न संस्थानों में लोगों ने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद किया और देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा का संकल्प लिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










