सासाराम : सनबीम पब्लिक स्कूल में शान से लहराया तिरंगा, बच्चों की देशभक्ति प्रस्तुतियों ने जीता दिल
झंडे को सलामी देते विधायक, विद्यालय के निदेशक, प्रधानाचार्य व अन्य, सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करते बच्चे
डेहरी के सनबीम पब्लिक स्कूल में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। विधायक राजीव रंजन सिंह ने ध्वजारोहण कर छात्रों को देश सेवा के लिए प्रेरित किया।
सनबीम पब्लिक स्कूल, पानी टंकी में शुक्रवार को स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डेहरी विधायक राजीव रंजन सिंह उर्फ सोनू सिंह ने ध्वजारोहण कर किया. इसके बाद विद्यालय परिसर में राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया.
स्वतंत्रता दिवस पर स्कूल में हुआ ध्वजारोहण
समारोह के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, भाषण, नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये. विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद किया. बच्चों की प्रस्तुतियों ने समारोह में मौजूद लोगों में देशभक्ति की भावना का संचार किया.
विधायक ने विद्यार्थियों को दिलाया कर्तव्य का एहसास
मुख्य अतिथि विधायक राजीव रंजन सिंह ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को देश के प्रति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि देश के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका है.

निदेशक ने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को किया याद
विद्यालय के निदेशक राजीव रंजन सिन्हा उर्फ पन्नू बाबू ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को स्मरण करने का दिन है. उन्होंने कहा कि उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का संकल्प लेना चाहिए.
प्रधानाचार्या ने विद्यार्थियों से देशहित में काम करने की अपील की
प्रधानाचार्या डॉ. अनुभा सिन्हा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान की याद दिलाता है. विद्यार्थियों को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर देशहित में कार्य करना चाहिए और जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए.
शिक्षा के साथ संस्कार और राष्ट्रप्रेम जरूरी
उप प्राचार्य डीके पाण्डेय ने कहा कि विद्यार्थियों में शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन, ईमानदारी और राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करना समय की आवश्यकता है. सनबीम पब्लिक स्कूल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ उन्हें जिम्मेदार और संस्कारवान नागरिक बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है.
देशभक्ति के नारों से गूंजा विद्यालय परिसर
कार्यक्रम में शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे. पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति के नारों और उत्साह से गूंजता रहा. समारोह के दौरान विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों में स्वतंत्रता दिवस को लेकर खास उत्साह देखने को मिला.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










